पटेल ने देश को एक किया, इसे श्रेष्ठ बनाना हमारा काम : सांसद, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के एक भारत-श्रेष्ठ भारत त्रिदिवसीय चित्र प्रदर्शनी का भव्य आगाज, तीन दिनों तक आमजन के लिए निःशुल्क लगी रहेगी प्रदर्शनी

जांजगीर-चाम्पा. प्रादेशिक लोकसंपर्क कार्यालय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय भारत सरकार की ओर से आरके सिंह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अकलतरा में ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ त्रिदिवसीय मल्टीमीडिया चित्र प्रदर्शनी का भव्य आगाज स्थानीय सांसद गुहाराम अजगले के हाथों द्वीप प्रज्वलित कर हुआ। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह, विशिष्ट अतिथि जनपद पंचायत अध्यक्ष शिवानी सुशांत सिंह, अशोक अग्रवाल, अविनाश लाटा, रवि सिसोदिया, सुशांत सिंह, आरके विश्वकर्मा उपस्थित रहे।



अध्यक्षीय संबोधन में सांसद गुहाराम अजगले ने ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ अभियान के हर पहलू से रुबरु कराया। उन्होंने कहा कि यहां उपस्थित लोग देश क्या है ? इस महत्व को समझ लें तो एक भारत श्रेष्ठ भारत अभियान सफल हो जाएगा। उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी के बारे में अपने बचपन के अनुभवों को साझा कर जानकारी दी, वहीं सरदार पटेल के सपनों को उद्धृत करते हुए उन्होंने कहा कि पटेल ने देश को एकसूत्र में पिरोया अब इसे श्रेष्ठ बनाने का कार्य हर देशवासी के जिम्मे है। प्रदर्शनी के आयोजक प्रादेशिक लोकसंपर्क कार्यालय के प्रमुख शैलेष फाये ने बीज वक्तव्य में बताया कि देश के हर लोग देश के हर हिस्से को जाने इसलिए भारत सरकार ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ अभियान चला रही है। इस अभियान के तहत एक राज्य को दूसरे राज्य के साथ जोड़ा बनाया गया है। छत्तीसगढ़ का जोड़ा राज्य गुजरात है। इस कवायद के तहत अकलतरा में मल्टीमीडिया चित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। प्रदर्शनी में गुजरात से संबंधित विविध विषयों को दिखाया गया है।

राघवेंद्र सिंह ने कहा कि व्यक्ति-व्यक्ति को जोड़ कर देश बनता है। हर नागरिक का कत्र्तव्य है कि देश के हर हिस्से को जाने और समझे। देश के उत्थान के लिए कार्य करे। विशिष्ट अतिथि शिवानी सिंह ने अभियान के बारे में लोगों को जानकारी दी। रवि सिसोदिया ने कहा कि गांधी के रास्ते पर चलकर ही देश श्रेष्ठ हो सकता है। अकलतरा एजुकेशन ट्रस्ट की ओर से अशोक अग्रवाल ने स्वागत वक्तव्य दिया। क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी डाॅ. प्रेम कुमार ने सभी का आभार माना।

प्रदर्शनी के शुभारंभ से पहले ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में स्कूली बच्चे देश के अलग-अलग प्रांतों की वेशभूषा में सज-धज कर शामिल हुए। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी व सरदार बल्लभ भाई पटेल, लक्ष्मीबाई का वेश धारण किए बच्चे काफी आकर्षक लग रहे थे। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ क्षेत्रीय प्रचार सहायक केवी गिरी ने किया। कार्यक्रमों के संयोजन में क्षेत्रीय प्रचार सहायक हिमांशु सोनी, कार्यालय सहायक शशांक सचान, रंजीत मिश्रा, जवाहर सिंह का योगदान रहा।

रंगोली व पेंटिंग से दिया संदेश
इस अवसर पर स्थानीय स्कूली विद्यार्थियों ने विविध प्रकार की पेंटिंग व रंगोली बना कर ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के बारे में बताया। दोनों प्रतियोगिताओं के माध्यम से कई विद्यार्थियों ने गुजरात की संस्कृति, गुजरात के क्षेत्र, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, स्वच्छता अभियान आदि के बारे में संदेश दिया। रंगोली में कुल 27 व पेंटिंग में 65 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

कुर्सी दौड़ व कबड्डी में दिखा उत्साह
इस अवसर पर स्कूल परिसर में ‘फिट इंडिया’ के तहत कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में स्कूली विद्यार्थियों ने उत्साह से भाग लिया। महिला व पुरुष अलग-अलग वर्ग में 8 टीमों ने हिस्सा लिया। वहीं म्यूजिक चेयर रेस में भी सभी का उत्साह देखने लायक था। कुर्सी दौड़ प्रतियोगिता में 73 प्रतिभागी शामिल हुए।

महिला एवं बाल विकास विभाग व नगरपालिका ने लगाया स्टाॅल
प्रदर्शनी स्थल के समीप महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से पौष्टिक खाद्य पदार्थ व विविध प्रकार की जानकारी दी जा रही है। नगरपालिका की ओर से कचरा प्रबंधन व उसके सही उपयोग की जानकारी देने से संबंधित स्टाॅल लगाया गया है। इसी स्टाॅल के समीप प्रादेशिक लोकसंपर्क कार्यालय रायपुर द्वारा गुजरात के प्रसिद्ध व्यंजनों का भी स्टाॅल लगाया गया है।

प्रदर्शनी में दूसरे दिन 27 फरवरी को ये होंगे आयोजन
स्थानीय स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य जांच शिविर।
‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ प्रश्नमंच प्रतियोगिता।
मटकाफोड़ व रस्साकसी खेल प्रतियोगिता
निबंध लेखन-महात्मा गांधीजी की स्वच्छता परिकल्पना
भाषण स्पर्धा-सांस्कृतिक विविधता भारत का आभूषण ।
सांस्कृतिक कार्यक्रम-विभागीय कलाकारों द्वारा.

error: Content is protected !!