जांजगीर-चांपा. कलेक्टर यशवंत कुमार ने आज जिला अस्पताल के टीकाकरण सेंटर में आज कोविड-19 वैक्सीन का दूसरा डोज लगवाया। इस दौरान उन्होंने टीकाकरण केंद्र में सेवाएं दे रही महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को महिला दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दी।
कलेक्टर ने कहा कि कोविड का टीका पूरी तरह सुरक्षित है। इससे डरने की आवश्यकता नहीं है। कोविड से बचाव के लिए यह टीका वरदान है। उन्होंने लोगों से अपील कर कहा कि पात्र हितग्राही अधिक से अधिक संख्या में टीकाकरण केंद्र में आकर टीका लगवा सकते हैं। कोविड से सुरक्षा के लिए यह टीका वरदान है। सरकार के निर्देशानुसार 60 वर्ष या 60 वर्ष से अधिक आयु के सभी नागरिकों तथा विशेष बीमारियों के साथ 45 से 59 वर्ष के आयु वर्ग में आने वाले व्यक्तियों को टीका लगाया जाएगा।
कलेक्टर ने कहा कि कोविड वैक्सीन के पहले डोज के 28 दिन बाद दूसरा डोज लगाना जरूरी है। सेकंड डोज लेने के दो सप्ताह के अंदर आम तौर पर एंटीबाडी का सुरक्षात्मक स्तर इम्यूनिटी विकसित होती है। वैैैक्सीन लगाने के बाद भी कोविड अनुरूप व्यवहार करना जरूरी है। जिससे कोरोना संक्रमण से स्वयं को सुरक्षित रखा जा सकें।
कलेक्टर ने टीकाकरण केंद्र में प्रोटोकाल का पालन करते हुए टीका लगवाया। गेट पर दोनों हाथों को सेनेटाइज कर केंद्र में प्रवेश किया। इसके बाद टीकाकरण पोर्टल पर एंट्री करवाने के उपरांत टीका लगवाया।
टीका लगने के बाद वे वेटिंग कक्ष में डॉक्टरों की निगरानी में आधा घंटा रूके। इस दौरान टीकाकरण की प्रगति की जानकारी ली।
टीकाकरण केन्द्र में सीएमएचओ डॉ. एसआर बंजारे, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. पुष्पेंद्र लहरे सहित टीकाकरण के स्वास्थ्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।