



जांजगीर-चाम्पा. राहौद के सीताराम कश्यप कॉलेज ऑफ फार्मेसी में रंग पंचमी के अवसर पर होली उत्सव बड़े ही उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया. इस अवसर पर कॉलेज परिसर में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं स्टाफ ने मिलकर आपसी भाईचारे, सौहार्द संदेश दिया. कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया. कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दी. संगीत और सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से उत्सव का आनंद लिया. पूरे परिसर में हर्ष और उल्लास का वातावरण बना रहा.
इस अवसर पर कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मनमोहन सिंह ने कहा कि होली का पर्व हमें आपसी प्रेम, सद्भाव और एकता का संदेश देता है. उन्होंने विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं मर्यादित तरीके से त्योहार मनाने तथा अपने जीवन में सकारात्मकता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया.
कॉलेज के डायरेक्टर दीपक कश्यप ने कहा कि होली भारतीय संस्कृति का महत्वपूर्ण पर्व है, जो समाज में भाईचारे और सहयोग की भावना को मजबूत करता है. उन्होंने सभी विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहते हुए ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया.
कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों और स्टाफ ने एक-दूसरे को रंग लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं, सभी ने मिलकर सुरक्षित एवं पर्यावरण अनुकूल होली मनाने का संकल्प लिया और अंत में उप-प्राचार्य गौरव वर्मा ने सफल आयोजन के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से सभी उपस्थित दर्शकों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन का संकल्प लिया.





