




भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने बेंगलुरु में हुई भगदड़ के 11 पीड़ितों के प्रति सम्मान व्यक्त करने के लिए आईपीएल 2026 की ओपनिंग सेरेमनी रद कर दी। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच आईपीएल 2026 का पहला मैच शनिवार, 28 मार्च को बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच से पहले कोई जश्न नहीं होगा।

भव्य क्लोजिंग सेरेमनी होगी
आईपीएल गवर्निंग काउंसिल 31 मई को भव्य क्लोजिंग सेरेमनी आयोजित करने की योजना बना रही है। आईपीएल 2025 का खिताब आरसीबी ने जीता था। ट्रॉफी के जश्न के दौरान 4 जून, 2025 को एम चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर हुई भगदड़ में 11 क्रिकेट प्रेमियों की जान चली गई थी। ऐसे में बीसीसीआई ने दिवंगत आत्माओं के प्रति सम्मान प्रकट किया है।
हालांकि, यह पहली बार नहीं है जब आईपीएल के किसी सीजन का आगाज ओपनिंग सेरेमनी के बिना होगा। लीग के 18 साल के इतिहास में पहले भी 4 बार ऐसा हो चुका है। सुरक्षा, दुखद घटनाओं और कोरोना के कारण बोर्ड ने यह फैसला लिया था।
4 सीजन नहीं हुई ओपनिंग सेरेमनी
IPL 2020 और 2021 में पूरा देश कोरोना की चपेट में था।
महामारी की हालत में आईपीएल का आयोजन किया गया था।
मैच से पहले प्लेयर्स का टेस्ट होता था। उन्हें क्वारंटाइन रखा जाता था।
ऐसे में दोनों सीजन ओपनिंग सेरेमनी नहीं हुई थी।
प्लेयर्स की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया था।
इससे पहले 2019 में हुए पुलवामा आतंकी हमले में करीब 40 जवान शहीद हो गए थे।
ऐसे में आईपीएल की ओपनिंग सेरेमनी को रद कर दिया गया था।
इसका पैसा शहीदों के परिवारों तक पहुंचाया गया था।
आईपीएल 2022 में भी कोरोना के कारण ओपनिंग सेरेमनी देखने को नहीं मिली थी।
2008 में हुई थी शुरुआत
इंडियन प्रीमियर लीग की शुरुआत 2008 में हुई थी। लीग के अब तक 18 सीजन खेले जा चुके हैं। मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स ने 5-5 बार खिताब अपने नाम किया है। वहीं कोलकाता नाइटराइडर्स ने 3 ट्रॉफी जीती हैं। पिछले सीजन का फाइनल मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और पंजाब किंग्स के बीच खेला गया था। फाइनल में आरसीबी ने पंजाब का हराकर खिताब का सूखा खत्म किया था।





