




भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने 2025-26 के लिए अपने केंद्रीय अनुबंधों में ए+ कैटेगरी को हटाने का फैसला किया, जिससे खिलाड़ियों की सैलरी स्ट्रक्चर में बदलाव आया था।
ए प्लस कैटेगरी में रोहित शर्मा, विराट कोहली, जसप्रीत बुमराह और रवींद्र जडेजा शामिल थे, लेकिन अब इसे हटा दिया गया है।
बीसीसीआई के इस फैसले से जसप्रीत बुमराह की सैलरी में 2 करोड़ रुपये की कमी आई है, क्योंकि उन्हें अब ए कैटेगरी में रखा गया है, जिसमें 5 करोड़ रुपये का सालाना अनुबंध होता है। बीसीसीआई इस कमी को भरने के लिए फिर से सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में फिर से बदलाव कर सकती है।
BCCI Central Contract में हो सकता है बदलाव
दरअसल, टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, बीसीसीआई जसप्रीत बुमराह की खातिर अपने सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में बदलाव कर सकती है। बीसीसीआई के एक सूत्र ने बताया, बोर्ड इस बात का हल खोज रहा है कि कैसे बुमराह को उनके हक का पैसा दिया जाए। कुछ और खिलाड़ी हैं, जिनकी सैलरी कम हुई है और सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में बदलाव हो सकता है।
अगर बीसीसीआई ने बदलाव किया तो टी20 टीम के उपकप्तान अक्षर पटेल को भी बीसीसीआई ज्यादा सैलरी दे सकती है। अक्षर ग्रेड सी कैटेगरी में हैं और उनकी सैलरी सिर्फ 1 करोड़ रुपये हैं। दो टी20 विश्व कप और चैंपियंस ट्रॉफी में जीत दिलाने में अक्षर ने अहम योगदान दिया था और ऐसे में कई क्रिकेट एक्सपर्ट्स ने उनकी सैलरी कम होने की आवाज उठाई थी, लेकिन अब बीसीसीआई उनकी सैलरी बढ़ सकता है।
बता दें कि ए+ श्रेणी के खिलाड़ियों को सालाना 7 करोड़ रुपये का भुगतान किया जाता था। इस कैटेगरी में शामिल होने के लिए, खिलाड़ी को तीनों फॉर्मेट में खेलना और कम से कम एक फॉर्मेट में टॉप-10 रैंकिंग में होना जरूरी था। हालांकि, रोहित और कोहली अब सिर्फ एक फॉर्मेट खेल रहे हैं, और जडेजा ने टी20 इंटरनेशनल से संन्यास ले लिया है, जिससे बुमराह ही इस श्रेणी में बचे थे।
इसलिए बोर्ड ने इस श्रेणी को पूरी तरह से हटाने का फैसला किया। इस फैसले के हिसाब से बुमराह और जडेजा को ए श्रेणी में रखा गया है, जहां खिलाड़ियों को सालाना 5 करोड़ रुपये का भुगतान किया जाता है। हालांकि, रोहित-विराट अभी सिर्फ एक ही फॉर्मेट खेलते हैं, जबकि जडेजा ने टी20 इंटरनेशनल से संन्यास ले लिया है। ऐसे में बुमराह ही एक ऐसे खिलाड़ी हैं, जिनके लिए बोर्ड सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में बदलाव कर सकता है।
BCCI के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में कौन किस ग्रेड में मौजूद?
ग्रेड ए- शुभमन गिल, जसप्रीत बुमराह और रवींद्र जडेजा
ग्रेड बी- रोहित शर्मा, विराट कोहली, केएल राहुल, हार्दिक पंड्या, ऋषभ पंत, कुलदीप यादव, यशस्वी जायसवाल, सूर्यकुमार यादव, श्रेयस अय्यर, मोहम्मद सिराज और वॉशिंगटन सुंदर
ग्रेड सी- अक्षर पटेल, रिंकू सिंह, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अर्शदीप सिंह, संजू सैमसन, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप, ध्रुव जुरेल, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती, नीतीश कुमार रेड्डी, अभिषेक शर्मा, साई सुदर्शन, रवि बिश्नोई और ऋतुराज गायकवाड़





