वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में बल्ले से तहलका मचाया हुआ है। उनके सिर पर फिलहाल ऑरेंज कैप विराजमान है। सूर्यवंशी ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेलते हुए 29 गेंदों पर 97 रनों की पारी खेली और ऑरेंज कैप अपने नाम कर लिया है। उन्होंने अपने दम पर राजस्थान को दूसरे क्वालिफायर का टिकट दिलाया। सूर्यवंशी और ध्रुव जुरेल के अलावा आरआर के अन्य बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सके।

सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल इस पारी में काफी धीमा खेले। उन्होंने 29 गेंदों पर 29 रन बनाए। इसके बाद भारत के पूर्व बल्लेबाज और 6 बार के आईपीएल चैंपियन अंबाती रायडु ने जायसवाल को बड़ी सलाह दी है। रायडु का मानना है कि यशस्वी को राजस्थान छोड़ देना चाहिए। उनका कहना है कि अगर उन्हें अपनी पहचान बनानी है, तो दूसरी फ्रेंचाइजी में जाना होगा क्योंकि यहां पर वे वैभव की छत्रछाया में रहते हैं।
अंबाती रायडु ने यशस्वी जायसवाल को दी सलाह
ईएसपीएनक्रिकइंफो पर बात करते हुए पूर्व भारतीय बल्लेबाज ने कहा, “उन्हें अपने खेल में बदलाव करने की जरूरत नहीं है। वे सूर्यवंशी के साथ बल्लेबाजी करके उनकी छाया में नहीं रह सकते हैं। वे खुद एक स्टार खिलाड़ी हैं। अगर वो किसी दूसरी टीम में जाता है, तो अपने दम पर मैच जिताएगा। उन्हें दूसरा मंच चाहिए और फिर ये खिलाड़ी दूसरे प्लेयर्स को पीछे छोड़ता रहेगा।”
रायडु ने आगे कहा, “उनके साथ किसी समझदार को होना चाहिए, जो इसे संभाल सके। जो कुछ भी हो रहा है, उनके लिए खुश रहें और प्रतिस्पर्धा में न पड़ें। आप उनसे मुकाबला नहीं कर सकते हैं। जायसवाल के लिए दूसरी टीम के रूप में मुंबई इंडियंस बेहतरीन विकल्प हो सकती है।”
यशस्वी जायसवाल ने बनाई पहचान
जायसवाल ने आईपीएल 2023 में सभी को चौंका दिया था और अपने आपको एक उभरते हुए सितारे के रूप में स्थापित किया था। जायसवाल ने इस सीजन 14 मैचों में 635 रन बनाए, जिसमें एक शतक और 5 अर्धशतक शामिल रहे। उन्होंने इसी सीजन आईपीएल इतिहास की सबसे तेज फिफ्टी लगाई थी। जहां उन्होंने 13 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया था, जिसकी बाद में इसी साल चेन्नई के उर्विल पटेल ने बराबरी कर ली।
जायसवाल ने 2025 में 559 रन बनाए, जहां उनका स्ट्राइक रेट लगभग 160 का रहा। इस सीजन भी वे 426 रन जड़ चुके हैं और इस दौरान 3 अर्धशतक भी लगाए हैं। हालांकि, वैभव के शानदार प्रदर्शन की वजह से उनकी चर्चा नहीं हो रही है। इसी वजह से रायडु का मानना है कि जायसवाल को राजस्थान छोड़ देना चाहिए।



