पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन एहसान मनी ने एक बड़ा दावा किया है। पीसीबी के मुखिया एहसान मनी का मानना है कि पाकिस्तान 2023 में एशिया कप में भारत की मेजबानी के बारे में आशावादी है और उम्मीद है कि दोनों पड़ोसी देशों के बीच राजनीतिक संबंधों में सुधार होगा। मनी ने ये भी बताया कि श्रीलंका 2022 में एशिया कप की मेजबानी करेगा, इस साल जून में ये महाद्वीपीय प्रतियोगिता होनी थी, जिसके होने के चांस अब समाप्त हो गए हैं।
एहसान मनी ने कहा है, “2022 में श्रीलंका इसकी (एशिया कप) मेजबानी करेगा और पाकिस्तान 2023 में इस इवेंट की मेजबानी करेगा। मैं आशावादी हूं कि उस समय तक दोनों देशों के बीच राजनीतिक संबंध सुधर जाएंगे और भारतीय टीम एशिया कप के लिए पाकिस्तान आएगी।” बुधवार को दिए एक इंटरव्यू में कहा है, “हाल के दिनों में पिछले दरवाजों के माध्यम से कुछ सकारात्मक संकेत मिले हैं और उम्मीद है कि संबंधों में बर्फ पिघलेगी।”