राष्ट्रीय आनलाइन कला उत्सव : एकल वादन में छत्तीसगढ़ को मिला प्रथम स्थान

रायपुर. मानव संसाधन विकास मंत्रालय नई दिल्ली द्वारा आयोजित आॅनलाइन कला उत्सव की राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के एकल वादन शास्त्रीय संवर्ग में छत्तीसगढ़ को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। छत्तीसगढ़ राज्य के प्रतिभागी इंडियन पब्लिक स्कूल रायगढ़ के कक्षा बारहवीं के छात्र विवेक देवांगन ने एकल वादन शास्त्रीय संवर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त कर राज्य को गौरवान्वित किया है। प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, स्कूल शिक्षा मंत्री डाॅ. प्रेमसाय सिंह टेकाम ने इस उपलब्धि पर छात्र विवेक देवांगन को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
मानव संसाधन विकास मंत्रालय नई दिल्ली द्वारा आॅनलाइन कला उत्सव की राष्ट्रीय स्तर के प्रतियोगिता के छठवें संस्करण का आयोजन 11 जनवरी से 22 जनवरी के मध्य संस्कृति विभाग के आॅडिटोरियम में स्टूडियो सेटअप कराकर किया गया। इस प्रतियोगिता में राज्य स्तर से चयनित विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।
आॅनलाइन कला उत्सव का परिणाम शिक्षा मंत्रालय भारत सरकार, एनसीईआरटी द्वारा आज घोषित किया गया। इस वर्ष यह प्रतियोगिता 9 विधाओं-(एकल गायन (शास्त्रीय संगीत), (पारम्परिक लोक संगीत), एकल वादन (शास्त्रीय संगीत), (पारम्परिक लोक संगीत), एकल नृत्य (शास्त्रीय नृत्य), (लोक नृत्य), दृश्यकला (द्वि-आयामी), (त्रि-आयामी) एवं स्थानीय खिलौने एवं खेल) में बालक-बालिका वर्ग में आयोजित की गई।
राष्ट्रीय आॅनलाइन कला उत्सव प्रतियोगिता में 33 राज्यों, केन्द्रशासित प्रदेशों, नवोदय विद्यालय संगठन, केन्द्रीय विद्यालय समिति से 576 प्रतिभागियों ने अपनी सहभागिता दी। समग्र शिक्षा के प्रबंध संचालक जितेन्द्र शुक्ला ने भी छात्र को बधाई दी है। उन्होंने बताया कि गत वर्षों में भी कला उत्सव की राष्ट्रीय प्रतियोगिता में राज्य के छात्र-छात्राओं को पुरस्कार प्राप्त होते रहे हैं।
राष्ट्रीय स्तर की आॅनलाइन कला उत्सव में छत्तीसगढ़ राज्य के 18 विद्यार्थी और समग्र शिक्षा के सहायक संचालक अजय कुमार पिल्लई, सहायक कार्यक्रम समन्वयक श्रीमती नीलम कुशवाहा, तकनीकी समन्वयक शैलेन्द्र वर्मा ने भी अपनी सहभागिता दी।



इसे भी पढ़े -  Sheorinarayan Maha Aarti : महानदी के तट में नगर पंचायत द्वारा शुरू की गई 'शिवरीनारायण महाआरती' सतत जारी, अब से हर दिन नगर का एक परिवार 'शिवरीनारायण महाआरती' में होगा शामिल, महाआरती में शामिल होकर पुण्य लाभ लेंगे, महाआरती में हर दिन जुटते हैं श्रद्धालु...

error: Content is protected !!