



रायपुर: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में भाजपा नेता के खेत में अफीम की खेती का खुलासा होने के बाद हड़कंप मचा हुआ है। जहां एक ओर पुलिस ने आरोपी भाजपा नेता विनायक ताम्रकार को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई कर रही है तो दूसरी ओर उन्हें भाजपा से निलंबित कर दिया गया है। विनायक ताम्रकार का निलंबन का आदेश डॉ नवीन मार्कंडेय ने जारी किया है। वहीं, इस मामले को लेकर विपक्षी नेताओं ने एक बार फिर सरकार को घेरने की कोशिश की है।
गैरकानूनी काम करने वाले पर कार्रवाई होगी
विनायक ताम्रकार के निलंबनको लेकर डिप्टी सीएम अरुण साव ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि कोई भी हो, गैरकानूनी काम करने वाले पर कार्रवाई होगी। कांग्रेस के आरोपों पर डिप्टी CM अरुण साव ने कहा कि ‘अपराध और अपराधियों को संरक्षण कांग्रेस पार्टी देती है, कांग्रेस का अपराध के साथ संलिप्तता जग ज़ाहिर है। कांग्रेस राज्यसभा प्रत्याशी को लेकर भाजपा का पोस्टर पर अरुण साव ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि BJP ने कांग्रेस की वास्तव स्थिति को देख पोस्ट किया है। कई कांग्रेस नेताओं के अरमान पूरे नहीं हुए हैं, फूलो देवी नेताम कांग्रेस नेताओं पर भारी पड़ीं हैं। कांग्रेस में परिवार की चलती है यह भी साबित हुआ है।
बजट सत्र के दौरान ध्यानाकर्षण लाएगी कांग्रेस
वहीं, दूसरी ओर दुर्ग में अफ़ीम की खेती करने वाला भाजपा नेता विनायक ताम्रकार की गिरफ्तारी के बाद कांग्रेस नेता सरकार को सदन में घेरने की तैयारी में जुट गए हैं। खबर है कि कांग्रेस ने 9 मार्च को विधानसभा के बजट सत्र के दौरान ध्यानाकर्षण लाने का फैसला किया है।

पीसीसी चीफ ने आरोपी को निष्कासित करने की मांग
अफीम की खेती वाले मामले में पीसीसी चीफ दीपक बैज ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि बीजेपी के बड़े बड़े नेताओं के साथ इनके फोटो है, सरकार नशे का कारोबार खुद अपने हाथ में ले ली है। बीजेपी के नेता अफीम की खेती कर रहे हैं। सरकार आखिर प्रदेश को किस ओर ले जाना चाह रही है? हमारी मांग है, बीजेपी नेताओं खेती का सत्यापन कराना चाहिए, कही और भी अफीम की खेती तो नहीं हो रही है। आरोपी नेता को सिर्फ निलंबित किया गया है, उसे निष्कासित नहीं किया गया है। साफ है कि उसे बचाया जा रहा है, सरकार उड़ता पंजाब की तरह उड़ता छत्तीसगढ़ बनाना चाह रही है।

