




जांजगीर-चाम्पा. मुलमुला क्षेत्र में चोरों में पुलिस का कोई खौफ नहीं है. यह इससे भी पता चलता है, क्षेत्र में चोरी की लगातार घटना हो रही है. अभी क्षेत्र में बकरा-बकरी चोरी हो रही है और क्षेत्र में ऐसे 2 मामले सामने आए हैं. पुलिस ने बकरी पालकों से आवेदन लिया है, लेकिन अब तक एफआईआर दर्ज नहीं किया है. यहां तक बकरी पालकों को पुलिस ने पावती भी नहीं दिया है. ऐसे में समझ सकते हैं कि मुलमुला क्षेत्र में किस तरह की पुलिसिंग हो रही है ? सबसे बड़ी बात यह है कि मुलमुला क्षेत्र में पहले से हुई कई चोरियों का खुलासा पुलिस नहीं कर सकी है. अब क्षेत्र में बकरा-बकरी चोर सक्रिय हो गए हैं, जिन्हें पकड़ने पुलिस में कोई रुचि नहीं दिख रही है और यही वजह है, आवेदन लेकर पुलिस कार्रवाई की औपचारिकता निभा रही है.

मुलमुला में 25-26 मार्च की दरमियानी रात रोहित साहू के घर से ताला तोड़कर 1 बकरा और 1 बकरी की चोरी हुई है. 26 मार्च को थाना में आवेदन दिया गया है. इसके बाद पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज नहीं किया है. इसी तरह सोनसरी गांव के संजय यादव के घर से 1 बकरा की चोरी 13 मार्च को हुई है. इसका आवेदन आज थाना में दिया गया है. दोनों मामले में पुलिस ने आवेदन लिया है, लेकिन एफआईआर दर्ज नहीं किया है. सबसे बड़ी बात यह है कि मुलमुला क्षेत्र में बकरा-बकरी चोर सक्रिय हैं और एक के बाद एक चोरी की घटना को अंजाम दे रहे हैं, वहीं पुलिस केवल आवेदन ले रही है, एफआईआर नहीं कर रही है. पुलिस के लंबे हाथ से चोर अब तक दूर हैं. पुलिसिंग पर सवाल इसलिए भी उठ रहे हैं, क्योंकि मुलमुला क्षेत्र में पहले हुई कई चोरियों का खुलासा नहीं हो सका है. अब देखने वाली बात होगी कि क्षेत्र में हो रही सिलसिलेवार चोरियों पर मुलमुला पुलिस, कब तक लगाम लगा पाती है ? और कब तक चोरों को पकड़ पाती है ? या फिर इसी तरह चोरों के हौसले बुलंद रहेंगे और क्षेत्र में चोरी का सिलसिला जारी रहेगा ?
मामले को पता करवाता हूं : एसडीओपी
अकलतरा एसडीओपी प्रदीप सोरी ने कहा है कि वे मामले की जानकारी लेंगे. क्षेत्र में लगातार चोरी हो रही है तो मुलमुला थाना की पुलिस को सक्रियता से कार्य करने के निर्देश दिए जाएंगे और चोरों के बारे में पता लगाने हरसंभव प्रयास किया जाएगा.





