



जांजगीर-चाम्पा. बलौदा क्षेत्र के पोंच गांव के नवाचारी किसान अरुण अग्रवाल के द्वारा 15 एकड़ में बीज उत्पादन के लिए गेंहू की फसल लगाई गई है. यहां किसान के द्वारा जीडब्लू 366, एचआई 1544 गेंहू लगाया गया है. दोनों गेंहू की वैरायटी सरबती किस्म की है. इससे जिले के अन्य किसानों को आगे फायदा मिलेगा. जिससे आगे वे भी खेती कर पाएंगे. किसानों के द्वारा पहुंचकर गेंहू की फसल को देखा जा रहा है और किसान अरुण अग्रवाल के कार्यों से दूसरे किसान सीख रहे हैं, क्योंकि खेती की दिशा में अलग-अलग बेहतर कार्य कर वे दूसरे किसानों के लिए मिसाल बन गए हैं.
नवाचारी किसान अरुण अग्रवाल ने कहा कि 15 एकड़ खेत में गेंहू की 2 किस्म की फाउंडेशन सीड्स को लगाया गया है. मौसम सही रहने पर गेंहू का उत्पादन 10 से 12 क्विंटल हो जाएगा. आपको बता दें, सरकार की ओर से किसान को प्रोत्साहित करने बीज उत्पादन के लिए प्रति क्विंटल 1 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है.
किसान स्कूल की टीम ने भी बीज उत्पादन प्रक्षेत्र का भ्रमण किया
पोंच गांव में किसान अरुण अग्रवाल के बीज प्रक्षेत्र का भ्रमण बहेराडीह स्थित वरिष्ठ पत्रकार कुंजबिहारी साहू किसान स्कूल की टीम ने किया. यहां किसान श्री अग्रवाल ने गेहूं की खेती की बारीकी से जानकारी दी, वहीं बीज उत्पादन की खेती से होने वाले लाभ के बारे में बताया. उन्होंने बताया कि इस साल अभी तापमान कम रहा, इसलिए उत्पादन अधिक हुआ है और इस साल पिछले साल से ज्यादा मुनाफा होगा. उन्होंने बताया कि फसल चक्र की दृष्टि से धान की खेती के बाद गेहूं की खेती बड़ा विकल्प है, क्योंकि गेहूं की खेती में धान के मुकाबले बहुत कम पानी का इस्तेमाल होता है. किसान स्कूल बहेराडीह के संचालक दीनदयाल यादव ने बताया कि किसान अरुण अग्रवाल के पास खेती का लंबा अनुभव है और जिले के किसानों के लिए वे मिसाल हैं, क्योंकि 65 से ज्यादा की उम्र में भी खेती कार्य कर रहे हैं. उनसे नई पीढ़ी को सीखने की जरूरत है. बीज प्रक्षेत्र के भ्रमण से बहुत कुछ सीखने को मिला है.



