



अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच छिड़े युद्ध और मिडिल ईस्ट में तनाव के बीच ग्लोबल मार्केट में सोने और चांदी की कीमतों में उछाल देखा जा रहा है. कॉमेक्स पर सोना 2 फीसदी से ज्यादा उछला है, जबकि चांदी की कीमतें भी 3 फीसदी से ज्यादा तक चढ़ गई हैं. हालांकि भारतीयों के लिए राहत की बात ये है कि घरेलू मार्केट में सोने और चांदी की कीमतें कम हुई हैं. सोने की कीमतों में 1,800 रुपये से ज्यादा की गिरावट देखी जा रही है, जबकि चांदी भी करीब 3,500 रुपये सस्ता हुआ है.
शनिवार को 24 कैरेट सोना 1.58 लाख रुपये/10 ग्राम के भाव बिक रहा है, जबकि चांदी 2.60 लाख रुपये/किलो के करीब बिक रही है. दूसरी ओर अंतरराष्ट्रीय मार्केट की बात करें तो Comex पर सोना 102 डॉलर की बढ़त के साथ 5,181 डॉलर/औंस के भाव पर ट्रेड करता दिखा. वहीं चांदी 2.5 डॉलर महंगी होकर 84.69 डॉलर/औंस पर ट्रेड करती दिखी.
घरेलू बाजार में सस्ता हुआ सोना
घरेलू सर्राफा बाजार में शुक्रवार को सोने और चांदी की कीमतों में नरमी दर्ज की गई. इस गिरावट के साथ ही 24 कैरेट सोने के दाम एक बार फिर 1.61 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के लेवल से नीचे आ गए हैं. वहीं, चांदी की कीमतों में भी प्रति किलो 3,400 रुपये से ज्यादा की कमी देखी गई.
24 कैरेट, 22 कैरेट और 18 कैरेट सोने का भाव
इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के आंकड़ों के अनुसार, सोने की सभी श्रेणियों में गिरावट रही.
24 कैरेट सोना: इसकी कीमत 1,835 रुपये गिरकर 1,58,751 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गई, जो पिछले सत्र में 1,60,586 रुपये थी.
22 कैरेट सोना: गहनों के लिए इस्तेमाल होने वाला यह सोना अब 1,45,416 रुपये प्रति 10 ग्राम पर मिल रहा है.
18 कैरेट सोना: इसकी कीमत भी कम होकर 1,19,063 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई है.
चांदी भी हो गई 3,400 रुपये से ज्यादा सस्ती
सोने के नक्शेकदम पर चलते हुए चांदी की कीमतों में भी बड़ी कटौती हुई है. चांदी का भाव 3,489 रुपये फिसलकर 2,60,723 रुपये प्रति किलो पर आ गया है. इससे पहले यह 2.64 लाख रुपये के पार चल रहा था.
वायदा बाजार का हाल
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर कारोबार मिला-जुला रहा. सोने का अप्रैल कॉन्ट्रैक्ट मामूली बढ़त के साथ 1,59,757 रुपये और चांदी का मई कॉन्ट्रैक्ट 2,62,990 रुपये पर ट्रेड करता दिखा.
क्या कहते हैं एक्सपर्ट्स?
एलकेपी सिक्योरिटीज के जतिन त्रिवेदी के अनुसार, बाजार फिलहाल अमेरिका के बेरोजगारी और ‘नॉन-फार्म पेरोल’ आंकड़ों का इंतजार कर रहा है, इसलिए कीमतें एक सीमित दायरे में हैं.
सपोर्ट लेवल को लेकर उन्होंने कहा कि सोने के लिए 1,58,000 रुपये का स्तर एक मजबूत सपोर्ट (सहारा) का काम करेगा. वहीं रेसिस्टेंस लेवल पर कहा कि यदि कीमतें बढ़ती हैं, तो 1,62,000 रुपये के स्तर पर रुकावट देखने को मिल सकती है.





