




ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल, बनारी, जांजगीर में संस्था संचालक आलोक अग्रवाल, डॉ. गिरिराज गढ़ेवाल एवं संस्था की प्राचार्य श्रीमती सोनाली सिंह के निर्देशन में आज 01 अप्रैल 2026 को नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 का शुभारंभ बड़े ही हर्षोल्लास और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में प्री-प्राइमरी कक्षाओं के नन्हें विद्यार्थियों के लिए ’अक्षर लेखन एवं विद्यारंभ संस्कार’ का विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक रंग में रंग दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। विद्यालय की प्राचार्या एवं शिक्षकों ने विधिवत पूजा-अर्चना कर विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इसके पश्चात छोटे-छोटे बच्चों को उनके जीवन के प्रथम अक्षर अक्षत पर लिखवाकर शिक्षा के पावन मार्ग पर अग्रसर किया गया।

इस अवसर पर संस्था की प्राचार्य सोनाली सिंह द्वारा बच्चों को डिजिटल राइटिंग पैड प्रदान किया गया। साथ ही नर्सरी की शिक्षिका सुश्री सुमन दुबे एवं श्रीमती सरिता प्रधान द्वारा ‘अ’ अक्षर लिखवाया गया, भारतीय संस्कृति के अनुसार पंडित श्री राकेश तिवारी जी द्वारा मंत्रोच्चारण के साथ संस्कार सम्पन्न कराया गया। विद्यालय के इस पारंपरिक आयोजन में अभिभावकों की भी सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। उन्होंने अपने बच्चों के इस महत्वपूर्ण क्षण को बड़े ही भावुक एवं गर्व के साथ अवलोकन किया और विद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया। बच्चों के चेहरे पर उत्साह और आनंद स्पष्ट झलक रहा था, वहीं अभिभावकों में भी इस अनूठे संस्कार को लेकर विशेष उत्सुकता देखी गई।
विद्यालय की प्राचार्य ने अपने संबोधन में कहा कि “विद्यारंभ संस्कार भारतीय संस्कृति का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, जो बच्चों के जीवन में शिक्षा के प्रति सम्मान और समर्पण की भावना उत्पन्न करता है। हमारा उद्देश्य केवल शैक्षणिक ज्ञान देना ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर भी विशेष ध्यान देना है।” उन्होंने आगे कहा कि विद्यालय में आधुनिक शिक्षा पद्धति के साथ-साथ भारतीय परंपराओं और संस्कारों को भी समान महत्व दिया जाता है। विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों ने भी इस अवसर पर उपस्थित होकर कार्यक्रम की सराहना की और कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास एवं सीखने की उत्सुकता को बढ़ाते हैं। उन्होंने विद्यालय द्वारा शिक्षा के साथ-साथ संस्कारों पर दिए जा रहे विशेष ध्यान की प्रशंसा की। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों को मिठाई वितरित की गई तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। पूरे कार्यक्रम का संचालन सुव्यवस्थित ढंग से किया गया और यह आयोजन विद्यालय परिवार के लिए एक यादगार क्षण बन गया। नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत इस प्रकार के पावन एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम के साथ होने से विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ है। ब्रिलिएंट पब्लिक स्कूल, बनारी द्वारा इस प्रकार के सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक आयोजनों के माध्यम से शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इस आयोजन ने यह सिद्ध कर दिया कि विद्यालय न केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने में अग्रणी है, बल्कि भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं को संजोने और आगे बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। सभी कक्षाओं में बच्चों का स्वागत हर्षोल्लास पूर्वक सम्पन्न हुआ।





