




नोएडा के विभिन्न सेक्टरों में श्रमिकों का उग्र प्रदर्शन अब कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती बन गया है। सोमवार सुबह शुरू हुआ उग्र प्रदर्शन दिन चढ़ने के साथ ही उग्र होता चला गया।

देखते ही देखते वेतन बढ़ोतरी से लेकर अन्य मांगों के लिए सड़क पर उतरे प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की दो गाड़ियों समेत पांच वाहनों को आग के हवाले कर दिया। कई जगहों पर पत्थरबाजी की भी खबर है। इसी क्रम में अब दिल्ली पुलिस भी आशंका देखते हुए अलर्ट मोड में आ गई है।
इसी बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने औद्योगिक क्षेत्रों में श्रमिकों के लिए सम्मानजनक मानदेय, सुरक्षित कार्य वातावरण और समय पर समस्याओं के समाधान के कड़े निर्देश दिए हैं।
जो कंपनी खुली मिली, वहां किया हमला
इस बीच नोएडा के फेस टू के हाजरी कंपलेक्स में जो भी फैक्ट्री आज खुली दिखी या संचालित मिली, उसमें तोड़फोड़ की गई। श्रमिकों के पीछे छुपे अराजक तत्वों ने ऐसी कंपनियों में घुसकर उत्पात मचाते हुए संपत्ति को क्षति पहुंचाया। इस बीच भाजपा नेता संजय बाली की फैक्ट्री भी चलती देख, श्रमिक उसमें अंदर घुस गए और तोड़फोड़ शुरू कर दी।
वेतन में सुधार की मांग पर प्रदर्शन
पुलिस सूत्रों के अनुसार, विभिन्न औद्योगिक इकाइयों से बड़ी संख्या में मजदूर लंबे समय से लंबित वेतन संशोधन की मांग को लेकर इकट्ठा हुए। प्रदर्शन के दौरान उन्होंने नारेबाजी की। हालांकि, यह प्रदर्शन बाद में हिंसक हो गया और नोएडा के फेज-2 तथा सेक्टर-60 क्षेत्रों में आगजनी, तोड़फोड़ और पथराव की घटनाएं रिपोर्ट हुईं।
दिल्ली सीमा पर सख्त सुरक्षा व्यवस्था
पुलिस ने बताया कि नोएडा को दिल्ली के विभिन्न हिस्सों से जोड़ने वाली सभी मोटरेबल सड़कों पर कई टीमें तैनात कर दी गई हैं, खासकर उत्तर प्रदेश के साथ प्रमुख बॉर्डर पॉइंट्स पर। वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि सख्त निगरानी रखी जा रही है और वाहनों की गहन जांच की जा रही है, ताकि कोई असामाजिक तत्व प्रदर्शन के बहाने शहर में न घुस सके।
दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने समाचार एजेंसी को बताया कि दिल्ली पुलिस पूरी तरह सतर्क और चौकस है। सभी रणनीतिक स्थानों पर पर्याप्त बल तैनात किया गया है। कानून-व्यवस्था भंग नहीं होने दी जाएगी।
बैरिकेडिंग बढ़ाई, अतिरिक्त बल तैनात
मुख्य बॉर्डर पॉइंट्स पर बैरिकेडिंग बढ़ा दी गई है और रैपिड रिस्पॉन्स टीमें तथा अर्धसैनिक बलों सहित अतिरिक्त जवानों को तैनात किया गया है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और उत्तर प्रदेश पुलिस के साथ समन्वय में काम किया जा रहा है।





