अकलतरा. शहीद नंदकुमार पटेल विश्वविद्यालय, रायगढ़ द्वारा आयोजित कुल उत्सव 2026 के द्वितीय चरण में श्री ऋषभ विद्योदय महाविद्यालय, बनाहिल की छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए महाविद्यालय का मान बढ़ा दिया. द्वितीय चरण की प्रतियोगिताओं का आयोजन शासकीय टीसीएल स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जांजगीर में किया गया था. जिसमें निबंध, भाषण, चित्रकला और लोकनृत्य प्रतियोगिताएं आयोजित हुई.








इस आयोजन में जिले के समस्त शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाग लिया. कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच बनाहिल महाविद्यालय की दो छात्राओं ने प्रथम स्थान प्राप्त किया. बीएससी पंचम सेमेस्टर की छात्रा आयुषी साहू ने चित्रकला प्रतियोगिता में और बीए तृतीय सेमेस्टर की छात्रा सुमन नवरत्न ने निबंध प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया.
इस शानदार उपलब्धि के साथ दोनों छात्राओं का चयन अब तृतीय एवं अंतिम चरण के लिए हो गया है, जिसका आयोजन 24 अक्टूबर को रायगढ़ में विश्वविद्यालय स्तर पर किया जाएगा. छात्राओं की इस उपलब्धि पर टीसीएल महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. डी.आर. लहरे एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के जिला संगठक डॉ. पुष्पा सिंह ने बधाई देते हुए अंतिम चरण के लिए शुभकामनाएं दीं.
वहीं श्री ऋषभ विद्योदय महाविद्यालय, बनाहिल के संचालक डॉ. जय कुमार जैन एवं प्राचार्य डॉ. शिखा सिंह ने दोनों छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की बधाई देते हुए अंतिम चरण में बेहतर प्रदर्शन की कामना की.



