आदेश की अवहेलना, कार्यपालन अभियंता पीडब्ल्यूडी को कारण बताओ नोटिस जारी, ये रही वजह…

जांजगीर-चांपा. कलेक्टर जितेन्द्र शुक्ला ने मानसून में प्राकृतिक आपदा से बचाव एवं राहत व्यवस्था के संबंध में बाढ,अतिवृष्टि की स्थिति पर सतत् निगरानी रखने तथा सूचना के आदान-प्रदान हेतु जिला स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष में ड्यूटी आदेश का पालन नहीं करने पर लोक निर्माण विभाग चांपा के कार्यपालन अभियंता केशव प्रसाद लहरे को ‌कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
जारी आदेश में कहा गया है कि
जांजगीर-चाम्पा जिले में वर्षा ऋतु में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने की प्रबल संभावना बनी हुई है। जिसके कारण बाढ़ राहत/बचाव का कार्य महत्वपूर्ण हो गया है। आदेशानुसार आपको जिला स्तरीय बाढ नियंत्रण कक्ष में संलग्न किये जाने हेतु आदेशित किये जाने के बाद भी अपनी उपस्थिति नहीं दी है, जो कि उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना के साथ ही शासकीय कार्यों के प्रति आपकी उदासीनता का द्योतक है। जो कि छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम 03 के विपरीत है।
उक्त संबंध में कार्यपालन अभियंता से कहा गया है कि कारण बताएं कि क्यों उनके विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाए। उन्हें अपना जवाब 03 दिवस के भीतर संयुक्त कलेक्टर, कलेक्टर कार्यालय जांजगीर-चांपा के समक्ष उपस्थित होकर प्रस्तुत करने कहा गया है नियत समायावधि के भीतर जवाब प्राप्त नही होने पर कार्यपालन अभियंता के विरुद्व एक पक्षीय कार्यवाही की की चेतावनी दी गई है।



error: Content is protected !!