एसपी पोस्टिंग का रिकार्ड : बद्री नारायण मीणा ने अपना ही रिकार्ड तोड़ा, छत्तीसगढ़ में सबसे अधिक कप्तानी…नौंवे जिले की कमान संभाली

रायपुर. आईपीएस बद्री नारायण मीणा ने पुलिस अधीक्षक की पोस्टिंग का अपना ही रिकार्ड तोड़ दिया है। छत्तीसगढ़ में आठ जिलों के एसपी रह चुके मीणा अब दुर्ग को पुलिस अधीक्षक अपाइंट किया गया है। उन्होंने आज शाम नया पदभार संभाल लिया।
2004 बैच के आईपीएस मीणा इसी जुलाई में सेंट्रल डेपुटेशन से छत्तीसगढ़ लौटे हैं। 2018 में डीआईजी प्रमोशन के बाद वे प्रतिनियुक्ति पर इंटेलिजेंस ब्यूरो में चले गए थे। अगले साल जनवरी में उनका आईजी प्रमोशन ड्यू हो जाएगा।
मीणा के नाम सबसे अधिक जिलों का कप्तान रहने का रिकार्ड दर्ज है। उन्होंने बलरामपुर से एसपी की पारी शुरू की थी। इसके बाद कवर्धा, राजनांदगांव, जगलदपुर, कोरबा, बिलासपुर, रायपुर और फिर रायगढ़ जिले के एसपी रहे।
राज्य सरकार ने कल दो जिले के पुलिस अधीक्षकों को चेंज किया, उनमें रायपुर के साथ मुख्यमंत्री का जिला दुर्ग भी शामिल है। बद्री का ये नौंवा जिला होगा। उन्होंने अपना ही आठ जिलों का रिकार्ड तोड़ते हुए आज नौंवे जिले की कप्तानी शुरू कर दी।
देश में अधिकतम कितने जिले का एसपी रहने का रिकार्ड है, फिलहाल, ये जानकारी तो नहीं है। यूपी में चूकि कार्यकाल काफी छोटा होता है, छह-छह महीने में एसपी बदल जाते हैं….लिहाजा वहां दस-बारह जिले भी हो जाता है। मगर बाकी किसी राज्य में अमूमन सात-आठ जिले से अधिक नहीं हो पाता। छत्तीसगढ़ में प्रशांत अग्रवाल का रायपुर आठवां जिला हो गया है। हालांकि, दुर्ग में वे दो ही महीने रह पाए। लेकिन, जिले की लिस्ट में दुर्ग भी जुड़ गया। वैसे ही आरिफ शेख भी सात जिले के कप्तान रहे हैं। प्रशांत जरूर बद्री के रिकार्ड की बराबरी या उसे फिर तोड़ सकते हैं।

 



इसे भी पढ़े -  Mulmula News : योग भारतीय संस्कृति का मूल धरोहर है : संतोष लहरे
error: Content is protected !!