इस खिलाड़ी पर डोपिंग मामले में लगा था चार साल का बैन, वापस आते ही तोड़ा….खुद का ये बड़ा रिकॉर्ड जानिए

चेन्नई. डोपिंग में चार साल का प्रतिबंध झेलने के बाद पिछले साल वापसी करने वाली मनप्रीत कौर ने राष्ट्रीय अंतर प्रांत सीनियर एथलेटिक्स चैम्पियनशिप के दूसरे दिन शनिवार को अपना ही राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ दिया। स्टार फर्राटा धाविका हिमा दास और असम के ही अमलान बोरगोहेन ने महिला और पुरूष वर्ग में फर्राटा दौड़ जीती।



2017 में मनप्रीत पर लगा था प्रतिबंध

31 वर्ष की कौर पर जुलाई 2017 में प्रतिबंधित पदार्थ के सेवन के आरोप में प्रतिबंध लगाया गया था। उन्होंने अपने चौथे प्रयास में 18.06 मीटर की दूरी तय की। शॉटपुट में 18 मीटर की बाधा पार करने वाली वह पहली भारतीय महिला बनी।

2015 में बनाया था नेशनल रिकॉर्ड

उनका पिछला रिकॉर्ड 17.96 मीटर का था जो उन्होंने 2015 में बनाया था। भारतीय एथलेटिक्स महासंघ ने आगामी राष्ट्रमंडल खेलों के लिये 17.76 मीटर का क्वालीफिकेशन स्तर रखा है। उत्तर प्रदेश की किरण बालियान दूसरे और महाराष्ट्र की आभा के तीसरे स्थान पर रही।

हिमा दास ने राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी दुती चंद को हराया

हिमा ने सौ मीटर फर्राटा में राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी दुती चंद को हराया। हिमा ने 11.43 सेकंड का समय निकाला जबकि दुती एक सेकंड पीछे रही। ओडिशा की स्राबनी नंदा तीसरे स्थान पर रही। बोरगोहेन ने 100 मीटर में 10.47 सेकंड का समय निकाला। तमिलनाडु के इलाकियादासन के दूसरे और पंजाब के हरजीत सिंह तीसरे स्थान पर रहे।

error: Content is protected !!