नई दिल्ली. बिग बॉस ओटीटी सीजन 2 अपने ग्रैंड फिनाले की ओर बढ़ रहा है। इसके साथ ही शो को लेकर दर्शकों के बीच क्रेज भी बढ़ रहा है। हाल ही में शो में फैमिली स्पेशल वीक हुआ था, जहां कंटेस्टेंट्स को अपने घरवालों से मिलने का मौका दिया गया। इनमें सबसे ज्यादा चर्चा एल्विश यादव के पिता ने बटोरी।
बिग बॉस ओटीटी सीजन 2 के फैमिली स्पेशल वीक में एल्विश यादव के पिता ने मनीषा रानी को अपने बेटे से दूर रहने की नसीहत दी थी, जो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था।
मनीषा को मिली एल्विश के पिता से सलाह
दरअसल, मनीषा रानी ने बिग बॉस ओटीटी 2 में कुछ दिनों पहले एल्विश यादव से अपने दिल की बात कही थी। उन्होंने एल्विश को बताया कि वो उन्हें पसंद करती हैं। इसके बाद जब एल्विश यादव के पिता शो में आए तो उन्होंने मनीषा से कहा कि वो उनके बेटे पर ज्यादा ध्यान ना दें और शो में आगे बढ़ने के बारे में सोच, जो वो यहां करने आई हैं।
मनीषा को नहीं पड़ा फर्क
हालांकि, एल्विश यादव के पिता की नसीहत का मनीषा पर ज्यादा असर होते हुए दिख नहीं रहा है। बिग बॉस ओटीटी 2 से अब अपकमिंग एपिसोड का एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में एक गेम के दौरान मनीषा रानी एल्विश को गले लगाते हुए नजर आईं।
मनीषा और एल्विश का खेल
बिग बॉस ओटीटी 2 के इस वीडियो में एल्विश यादव और अभिषेक मल्हान एक बेड पर लेटे हुए नजर आ रहे हैं। वहीं, मनीषा रान और जिया शंकर दूसरे बेड पर दिख रही हैं। बातचीत के दौरान चारों तय करते हैं कि वो एक गेम खेलेंगे। खेल के दौरान कोई एक कंबल के अंदर जाएगा और बाहर से उसे मारा जाएगा, अब कंबल के अंदर वाले शख्स को बताना है कि उसे किसने मारा।
मनीषा ने यूं जाहिर किया प्यार
खेल शुरु होता है और सब बारी-बारी से हिस्सा लेते हैं। अंत में एल्विश यादव की कंबल में जाने की बारी आती है और कंबल ओढ़ कर बैठ जाते हैं, लेकिन बाहर से उन्हें मारने की बजाय मनीषा रानी उन्हें कसकर गले लगा लेती हैं। इसके बाद एल्विश भी हैरान हो जाते हैं कि ये किसने किया।