जांजगीर-चाम्पा. छग विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता नारायण चंदेल ने कहा कि जांजगीर में कांग्रेस पार्टी द्वारा प्रदेश स्तरीय संविधान बचाओं रैली का कार्यक्रम, कांग्रेस बचाओ रैली के रूप में यह सम्पन्न हुआ। आज छ.ग. प्रदेश सहित पूरे देश में कांग्रेस अपनी अस्तित्व की लड़ाई लड़ रही है। पूर्व नेता प्रतिपक्ष श्री चंदेल ने आगे अपने बयान में कहा कि कांग्रेस के सभी दिशाओं के नेता एक होने का दिखावा कर रहे है, कांग्रेस संविधान को लेकर पूरे देश में मिथ्या व झूठा प्रचार कर रही है, लोगों को भ्रमित व गुमराह करने का असफल प्रयास कर रहे है।
कांग्रेस अपने 57 साल के कार्यकाल में संविधान से कई बार छेड़-छाड़ किया है, आपातकाल जैसा काला अध्याय कांग्रेस के ही शासन काल में लगाया गया था, कितनी बार कांग्रेस ने देश में संविधान का अपमान किया है जिसका इतिहास व देश गवाह है। पूर्व नेता प्रतिपक्ष श्री चंदेल ने अपने बयान में कहा कि जांजगीर में आयोजित कांग्रेस का यह कार्यक्रम पूरा फ्लाप शो था, अब आम जनता इनके बहकावे में आने वाला नहीं है। उन्होंने आगे कहा कि छ.ग. प्रदेश में और देश में अब कांग्रेस मुद्दा विहीन हो गई है, कांग्रेस को चाहिए की वह देश व छ.ग. प्रदेश में सकारात्मक विपक्ष की भूमिका निभाए।
आज कांग्रेस के सभी लोग तथ्यों से परे होकर के बेतुका बयान दे रहे है और सबसे शर्मनाक तो यह है कि कांग्रेस के राष्ट्रीय स्तर के नेता सेना के द्वारा किये गये सर्जिकल स्ट्राइक का प्रमाण मांगते है यह अत्यंत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। श्री चंदेल ने अपने बयान में कहा है कि जांजगीर में आयोजित कांग्रेस का यह संविधान बचाओं रैली पूरी तरह से असफल रहा है, इसमें आम लोगों की भागीदारी नहीं रही, यह संविधान बचाओ नहीं बल्कि कांग्रेस बचाओ रैली था।