



जांजगीर-चाम्पा. शासकीय ठाकुर छेदीलाल स्नातकोत्तर महाविद्यालय जांजगीर के राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) की महिला एवं पुरुष इकाई द्वारा ग्राम धुरकोट में सात दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन 16 फरवरी से 22 फरवरी तक किया जा रहा है। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य “नशा मुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका” विषय पर जागरूकता फैलाना है.
शिविर का उद्घाटन 16 फरवरी को धूरकोट में संपन्न हुआ. उद्घाटन समारोह में ग्राम सरपंच के प्रतिनिधि के रूप में ठाकुर भूपेंद्र सिंह, उपसरपंच मोहन धीवर, पंच नरेंद्र धीवर सहित महाविद्यालय की प्राध्यापिका पूर्णिमा सूर्यवंशी एवं धनेश्वरी जी उपस्थित रहीं.
इस अवसर पर महिला इकाई की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पुष्पा सिंह तथा पुरुष इकाई के कार्यक्रम अधिकारी आर. के. चंद्रा की गरिमामयी उपस्थिति रही. कार्यक्रम का सफल संचालन रमेश द्वारा किया गया.
शिविर के दूसरे दिन प्रातः काल स्वयंसेवकों द्वारा मॉर्निंग वॉक का आयोजन किया गया. इस दौरान स्वयंसेवकों ने हाथों में जागरूकता से संबंधित पोस्टर लेकर एवं “नौजवान शक्ति नशा मुक्त भक्ति”, “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो” जैसे नारों के साथ पूरे गांव का भ्रमण किया. इस पहल का उद्देश्य ग्रामवासियों को नशा मुक्ति के प्रति जागरूक करना तथा युवाओं में सकारात्मक सोच विकसित करना था.
सभी अतिथियों ने अपने संबोधन में स्वयंसेवकों को समाज में बढ़ती नशे की समस्या के प्रति जागरूक रहने तथा ग्रामीण स्तर पर नशा मुक्ति अभियान को सफल बनाने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करें और एक स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं.
शिविर के दौरान स्वच्छता अभियान, जनजागरूकता रैली, स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित गतिविधियां तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. यह शिविर 22 फरवरी तक निरंतर संचालित रहेगा, जिसमें स्वयंसेवक ग्रामीणों के बीच रहकर सेवा एवं जागरूकता का कार्य करेंगे.





