Akaltara News : नगर पंचायत नरियरा में भ्रष्टाचार उजागर, 6 महीने पहले बना CC रोड 15 दिन भी नहीं टिका, उखड़ रहे परखच्चे, मरम्मत के नाम पर सिर्फ लीपापोती, कलेक्टर से हुई शिकायत…

जांजगीर-चांपा. अकलतरा क्षेत्र की नगर पंचायत नरियरा में भ्रष्टाचार का बड़ा मामला सामने आया है. यहां 6 महीना पूर्व बना सीसी रोड 15 दिन भी नहीं चल पाया और अब जगह-जगह से उखड़ कर परखच्चे उड़ रहे हैं. ठेकेदार की मनमानी और इंजीनियर की मिलीभगत से गुणवत्ताहीन सीसी रोड का निर्माण किया गया है.

 



इसकी शिकायत पूर्व में भाजयुमो जिलाध्यक्ष एवं पार्षद आकाश सिंह एवं बीजेपी के पार्षद सासिदास महंत, दिलचंद बंजारे, सुशांत बंजारे, राजेश कुमार कैवर्त्य, पद्मश्री पाटले, सविता हरप्रसाद यादव, एल्डरमैन मनोज बंजारे, धीरेन्द्र कुमार निर्मलकर, कमलकांत साहू द्वारा नगर पंचायत अधिकारी को आवेदन देकर की गई थी कि नगर पंचायत नरियरा के कई वार्डों में सीसी रोड का काम हुआ है, जो 15 दिन भी नहीं टिक पाया और जर्जर होकर उखड़ने लगा है.

गुणवत्ताहीन कार्यों को देखकर निर्वाचित जनप्रतिनिधि नगर पंचायत पार्षदों का गुस्सा फूट पड़ा. पार्षदों ने कलेक्टर एवं संबंधित विभाग को इंजीनियर, ठेकेदार के नाम से लिखित शिकायत कर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है.

मरम्मत के नाम पर लीपापोती का आरोप
जब पार्षदों ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को अवगत कराया कि वार्ड में बना सीसी रोड टूट रहा है और इसकी मरम्मत की जाए तो मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने उनके आवेदन को स्वीकार तो किया, लेकिन टूटे हुए रोड की मरम्मत में सिर्फ लीपापोती कर उच्च अधिकारियों को जवाब भेज दिया, जबकि मौके पर मरम्मत कार्य हुआ ही नहीं है.

पार्षदों का आरोप है कि मुख्य नगर पालिका अधिकारी भी ऐसे भ्रष्ट ठेकेदारों को संरक्षण दे रहे हैं और जनप्रतिनिधि द्वारा शिकायत करने पर उन पर अधिकारियों द्वारा दुर्व्यवहार का झूठा आरोप लगाया जाता है. पार्षदों ने मांग की है कि उक्त सड़क की गुणवत्ता की जांच कर दोषी ठेकेदार, इंजीनियर और संबंधित अधिकारी पर कड़ी कार्रवाई की जाए.

error: Content is protected !!