जांजगीर-चांपा. भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता एवं समाजसेवी इंजी. रवि पाण्डेय के प्रयासों से ग्राम लोहर्सी (खरौद) जिला जांजगीर-चांपा के 23 वर्षीय दीपमाला साहू, जो ब्लड कैंसर नामक बीमारी से पीड़ित है. उसके इलाज के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना से 17.89 लाख रूपये की स्वीकृति प्रदान की है. इस राशि से दीपमाला का उपचार एम्स में कराया जा सकेगा. दीपमाला अत्यंत ही कमजोर परिवार से आती है और उसके इलाज के लिए इतनी बड़ी राशि का खर्च कर पाना उसके माता-पिता के लिए असंभव था. कमजोर आर्थिक स्थिति को देखते हुए उनके उपचार के लिए आर्थिक सहायता की आवश्यकता थी. मामले की जानकारी मिलने के बाद इंजीनियर रवि पाण्डेय ने दीपमाला के उपचार में सहयोग करते हुए उन्हें मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक प्रक्रिया में माध्यम की भूमिका निभाई. उनके प्रयासों के फलस्वरूप उपचार के लिए 17.89 लाख रुपये की सहायता राशि स्वीकृत हुई है. सहायता राशि स्वीकृत होने से दीपमाला के परिवार को बड़ी राहत मिली है. अब बेहतर उपचार की उम्मीद जगी है और दीपमाला के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की जा रही है. इंजीनियर रवि पाण्डेय ने कहा कि जरूरतमंद व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना ही जनसेवा का वास्तविक उद्देश्य है. गंभीर बीमारी से जूझ रही दीपमाला के उपचार में सहयोग कर उन्हें योजना का लाभ दिलाने में माध्यम बनना संतोष का विषय है. उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं छत्तीसगढ़ शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना जरूरतमंद परिवारों के लिए जीवन की कठिन घड़ी में बड़ी उम्मीद और सहारा बन रही है. दीपमाला के परिजनों ने भी उपचार के लिए आर्थिक सहायता स्वीकृत होने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं सहयोग के लिए इंजीनियर रवि पाण्डेय के प्रति आभार व्यक्त किया है.











