जांजगीर-चांपा. भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता इंजी. रवि पाण्डेय ने किसानों से अपील की है कि भारी बारिश की आशंका को देखते हुए फिलहाल धान की कटाई करने से बचें. जिन किसानों ने धान की कटाई कर ली है, वे अपनी फसल को खेतों से हटाकर सुरक्षित एवं सूखे स्थान पर रखें तथा तिरपाल से अच्छी तरह ढककर रखें, ताकि बारिश से फसल को भीगने और नुकसान होने से बचाया जा सके.








इंजी. रवि पाण्डेय ने कहा कि धान में नमी बढ़ने से उसकी गुणवत्ता प्रभावित होती है और भंडारण के दौरान नुकसान की आशंका बढ़ जाती है. लगातार बारिश एवं नमी से दलहन-तिलहन की फसलों में कीट और रोगों का प्रकोप भी बढ़ सकता है. किसान खेतों में जलभराव रोकने के लिए पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था करें.
उन्होंने किसानों से आग्रह किया कि फसल को नुकसान होने की स्थिति में तत्काल संबंधित बीमा कंपनी अथवा कृषि विभाग को सूचना दें. नुकसान की तस्वीरें एवं आवश्यक दस्तावेज सुरक्षित रखें और फसल बीमा की निर्धारित समय-सीमा का पालन करें.
इंजी. रवि पाण्डेय ने कहा कि किसानों की मेहनत से तैयार फसल की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है. मौसम के प्रति सतर्कता, समय पर उचित प्रबंधन और आवश्यक सावधानियां अपनाकर किसान संभावित नुकसान को काफी हद तक कम कर सकते हैं.



