सक्ती. डभरा क्षेत्र के पांच गांवों की 15 वर्षों से चली आ रही बिजली समस्या के समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल हुई है और केकराभाट, बांधापाली, उचपिंडा, धोबनीपाली एवं ढेखरापाली गांव में विद्युत कार्य का भूमिपूजन किया गया.








इन पांचों गांवों में बिजली की आपूर्ति धुरकोट सब स्टेशन से होती है. विडंबना यह थी कि सब स्टेशन से मात्र एक से डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर स्थित इन गांवों तक बिजली पहुंचने में लगभग 15 किलोमीटर का घुमावदार मार्ग तय करना पड़ता था. इसके कारण बिजली में थोड़ी सी भी खराबी आने पर इन गांवों की विद्युत आपूर्ति बाधित हो जाती थी, जिससे किसानों एवं ग्रामवासियों को लंबे समय से परेशानी का सामना करना पड़ रहा था.
इस गंभीर समस्या के स्थायी समाधान के लिए भारतीय जनता युवा मोर्चा सक्ती के जिलाध्यक्ष आलोक पटेल ने पहल की. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, वित्त मंत्री ओपी चौधरी, प्रभारी मंत्री गुरु खुशवंत साहेब एवं निर्मल सिन्हा के सहयोग से इस कार्य को स्वीकृति मिली. इस दौरान समस्त ग्रामवासियों की उपस्थिति में इस महत्वपूर्ण विद्युत कार्य का भूमिपूजन किया गया.
इस अवसर पर भाजयुमो जिलाध्यक्ष आलोक पटेल ने कहा कि क्षेत्र के किसानों एवं ग्रामवासियों को मूलभूत सुविधाओं के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े, यही हमारा संकल्प है. जनसमस्याओं का समाधान करना और क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर प्रयास करना ही प्राथमिकता है. उन्होंने इस कार्य में सहयोग प्रदान करने वाले सभी जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित अधिकारियों का आभार व्यक्त किया.



