जांजगीर-चाम्पा. शिवरीनारायण पुलिस ने आरक्षक की पत्नी से डरा-धमकाकर 11 सौ रुपये वसूलने वाली 2 महिला सहित 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार 2 महिलाओं ने खुद को किन्नर बताकर ब्यूटी पार्लर चलाने वाली आरक्षक की पत्नी को 11 सौ रुपये की वसूली की थी. इन आरोपियों ने रोड किनारे के घरों एवं दुकानों में घुसकर रुपये वसूली की थी. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 14 सौ 50 रुपये और घटना में प्रयुक्त ऑटो को जब्त किया है. गिरफ्तार दोनों महिलाएं बलौदाबाजार के भाठापारा और ऑटो चालक बिलासपुर के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र का रहने वाला है.









दरअसल, मेहंदी गांव के बृजेश कुमार घृतलहरे ने बताया कि वह पुलिस विभाग में आरक्षक के पद पर पदस्थ है. उसकी पत्नी घर के सामने ब्यूटी पार्लर चलाती है. उसकी पत्नी ने आकर बताया कि 2 महिलाएं उसके पार्लर में आई और खुद को किन्नर बताकर 11 हजार की मांग की थी. 50 रुपये देने पर मना करने लगे और रुपये नहीं देने पर श्राप देने की बात कहकर धमकाने लगे थे, तब उसने डर में 11 सौ रुपये दे दी तो दोनों महिलाएं बाहर ऑटो में बैठकर राहौद तरफ भाग गई. फिर उसने इसकी सूचना राहौद पुलिस सहायता केंद्र में दी थी. इसके बाद पुलिस ने ऑटो चालक को रुकवाया तो उसमें 2 महिलाएं सवार थी.
इधर, पुलिस ने महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो बताया कि घरों एवं दुकानों में जाकर दवाई बेचने के बहाने डरा-धमका कर रुपये वसूली करती थी और ऑटो चालक को 15 सौ रुपये प्रतिदिन देते थे. इस दौरान मेंहदी गांव के ब्यूटी पार्लर में जाकर भी वसूली की थी. मामले में पुलिस ने डरा-धमका कर वसूली करने वाली 2 महिला सहित 3 आरोपियों को गिरफ्तार करके न्यायिक रिमांड में भेज दिया है.

