




धुरंधर: द रिवेंज (Dhurandhar: The Revenge) की सफलता आसमान छू रही है। फिल्म ने मात्र 4 दिनों के अंदर ही बाहुबली समेत कई ब्लॉकबस्टर फिल्मों की नींव हिला दी।

आदित्य धर निर्देशित धुरंधर 2 (Dhurandhar 2 Box Office Collection) 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। पेड प्रिव्यू को मिलाकर फिल्म ने पहले वीकेंड पर तूफानी रफ्तार से कमाई कर मेकर्स को मालामाल कर दिया।
दुनियाभर में छाई धुरंधर 2
धुरंधर 2 ने चार दिनों में कई ब्लॉकबस्टर फिल्मों के लाइफटाइम कलेक्शन को ध्वस्त कर दिया है। फिल्म का वर्ल्डवाइड बिजनेस तो आपके होश ही उड़ा देगा। सैकनिल्क की मानें तो दुनियाभर में धुरंधर 2 ने फर्स्ट वीकेंड में 761 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है।
किन फिल्मों को धुरंधर 2 ने किया पीछे?
धुरंधर 2 दूसरी इतनी बड़ी ओपनिंग करने वाली फिल्म बन गई है। सबसे ज्यादा ओपनिंग वीकेंड कलेक्शन करने वाली फिल्म साल 2024 में आई अल्लू अर्जुन स्टारर पुष्पा 2 है। पहले वीकेंड में पुष्पा 2 ने 762 करोड़ रुपये के करीब कारोबार किया था। हालांकि, धुरंधर 2 ने किन फिल्मों का ओपनिंग वीकेंड रिकॉर्ड तोड़ा है, यहां देखिए लिस्ट…
धुरंधर 2- 761 करोड़
बाहुबली 2- 591 करोड़
कल्कि 2898 एडी- 500 करोड़
आरआरआर- 470 करोड़
भारत में कैसा है धुरंधर 2 का हाल?
धुरंधर 2 के घरेलू बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट की बात करें तो यह फिल्म जल्द ही सबसे ज्यादा कमाई वाली फिल्म बनने वाली है। चार दिनों में फिल्म का कारोबार 450 करोड़ के पार पहुंच गया है। पहले दिन 100 करोड़ से खाता खोलने वाली धुरंधर 2 ने शनिवार को 113 करोड़ कमाए थे जबकि रविवार को 115 करोड़। धुरंधर 2 की भारत में कुल कमाई 454 करोड़ के करीब हो गई है।



