गरियाबंद. छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में दीपावली के दिन एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई. राजिम के टीला एनीकट में एक कार अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी. हादसे में कार सवार पति-पत्नी और उनके बेटे-बेटी की जान चली गई. एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत की खबर से उनके गांव पसौद में शोक की लहर दौड़ गई. जिस घर में दीपावली की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब अपनों को खोने का गम है.








जानकारी के मुताबिक, कार सवार परिवार दीपावली का त्योहार मनाने के लिए रायपुर से अपने घर लौट रहा था. इसी दौरान देर रात राजिम के टीला एनीकट के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर नीचे नदी में गिर गई. हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार चारों लोगों की मौत हो गई. मृतकों की पहचान शीतल प्रसाद साहू, उनकी पत्नी भारती साहू, 19 साल के बेटे विकास और 21 साल की बेटी पुरवा के तौर पर हुई है.
हादसे का पता चलते ही पहुंचे आसपास के लोग
घटना के कई वीडियो सामने आया है. एक वीडियो में लोग नदी में डूबी कार को देखते हुए नजर आ रहे हैं. कार नदी में तैरती नजर आई. हादसे के बारे में पता चलते ही आस-पास के लोग घटना स्थल पर पहुंचे.
किस वजह से हादसा हुआ, जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही चंपारण पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने हादसे की जानकारी जुटाई और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कार अनियंत्रित कैसे हुई और चालक का वाहन से नियंत्रण क्यों छूटा.



