बिलासपुर. विश्व मधुमेह दिवस 2026 के अवसर पर साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के मुख्यालय बिलासपुर में ब्लड शुगर जांच शिविर का आयोजन किया गया. “मधुमेह की समय पर पहचान” थीम पर आयोजित इस शिविर का उद्देश्य कर्मचारियों को मधुमेह के प्रति जागरूक करना और नियमित स्वास्थ्य जांच एवं समय पर उपचार के महत्व को समझाना था. शिविर में कुल 332 कर्मचारियों की ब्लड शुगर सहित अन्य प्रमुख स्वास्थ्य मानकों की जांच की गई.








कार्यक्रम में एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन, निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास, मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन, निदेशक (तकनीकी-संचालन) रमेश चंद्र महापात्र और निदेशक (तकनीकी-परियोजना एवं योजना) नृपेंद्र नाथ ने भी सहभागिता की. वरिष्ठ अधिकारियों ने स्वयं जांच कराकर कर्मचारियों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और नियमित जांच कराने का संदेश दिया.
इस अवसर पर चिकित्सा सेवाओं के प्रमुख डॉ. श्रुतिदेव मिश्रा ने मधुमेह से बचाव और नियंत्रण के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार, शारीरिक गतिविधियों तथा समय पर चिकित्सकीय परामर्श को आवश्यक बताया. उन्होंने कर्मचारियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया.
एसईसीएल की इस पहल के माध्यम से कर्मचारियों के बीच मधुमेह की समय पर पहचान, रोकथाम और बेहतर स्वास्थ्य प्रबंधन को लेकर जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया. कंपनी ने निवारक स्वास्थ्य सेवाओं के जरिए अपने कर्मचारियों के स्वास्थ्य और कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई.



