रायगढ़. जिले में अवैध गतिविधियों एवं अनैतिक कार्यों पर अंकुश लगाने एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान “ऑपरेशन अंकुश” के तहत कल एडिशनल एसपी श्री अनिल सोनी के मार्गदर्शन एवं सीएसपी राहुल उईके के नेतृत्व में रायगढ़ पुलिस ने अनैतिक देह व्यापार के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की है. सीएसपी राहुल उईके के हमराह थाना चक्रधरनगर की टीम ने केलो विहार स्थित एक किराये के मकान में दबिश देकर देह व्यापार संचालित करने के आरोप में गोविंद साहू (52 वर्ष), निवासी बोईरदादर विजयपुर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से ग्राहकों से प्राप्त 2,000 रुपये नकद एवं एक मोबाइल फोन जप्त किया गया है। आरोपी के विरुद्ध थाना चक्रधरनगर में अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम 1956 की धारा 3, 4, 5 एवं 7 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है.









दरअसल, पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि बोईरदादर विजयपुर निवासी गोविंद साहू केलो विहार में गोपीनाथ मेहर का मकान किराये पर लेकर युवतियों के माध्यम से अनैतिक देह व्यापार संचालित कर रहा है. सूचना को गंभीरता से लेते हुए सीएसपी राहुल उईके के नेतृत्व में थाना चक्रधरनगर की टीम गठित की गई। पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से मकान की घेराबंदी कर एक पाइंटर को ग्राहक बनाकर अंदर भेजा। पाइंटर द्वारा निर्धारित संकेत देकर पुलिस टीम को सूचना मिलते ही जवानों ने मकान को चारों ओर से घेरकर दबिश दी। तलाशी के दौरान मकान में गोविंद साहू मिला तथा एक कमरे में एक युवती और कुछ आपत्तिजनक वस्तुएं बरामद हुईं। युवती से पूछताछ में आरोपी द्वारा रुपये देकर उसे अनैतिक कार्य के लिए लाने की बात सामने आई। वहीं आरोपी से पूछताछ में उसने पैसों की आवश्यकता के चलते इस गतिविधि में संलिप्त होना बताया. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ग्राहकों से प्राप्त 2,000 रुपये एवं एक मोबाइल फोन जप्त कर उसे गिरफ्तार किया। मामले में अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम 1956 की धारा 3, 4, 5 एवं 7 के तहत कार्रवाई की गई है।



