पामगढ़. चैतन्य शिक्षा महाविद्यालय, पामगढ़ की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा एस.बी.एस. हाई पब्लिक स्कूल, कोटमीसोनार में एक दिवसीय स्वास्थ्य एवं वेलनेस जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के अंतर्गत एनएसएस कैडेट्स ने विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता करते हुए नुक्कड़ नाटक एवं जनसंवाद के माध्यम से साइबर अपराधों से बचाव, स्वास्थ्य जागरूकता एवं शिक्षा के महत्व का संदेश दिया।









कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. अनीता गोयन्का (MBBS, DGO), स्त्री रोग विशेषज्ञ, शिवांगी मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल, बिलासपुर उपस्थित रहीं। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में हरेंद्र सिंह, संचालक, एस.बी.एस. पब्लिक स्कूल, कोटमीसोनार की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में चैतन्य शिक्षा महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अमित चंद्रा एवं सहायक प्राध्यापक डॉ. चंचल यादव विशेष रूप से उपस्थित रहे।
शिविर का प्रमुख आकर्षण एनएसएस कैडेट्स द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक रहा। इसके माध्यम से कैडेट्स ने साइबर अपराधों एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के उपायों के प्रति लोगों को जागरूक किया। उन्होंने अनजान लिंक पर क्लिक न करने, अपनी गोपनीय जानकारी एवं ओटीपी किसी के साथ साझा न करने तथा सोशल मीडिया का सतर्कतापूर्वक उपयोग करने का संदेश दिया। इसके साथ ही स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के महत्व, संतुलित जीवनशैली, नियमित स्वास्थ्य जांच तथा शिक्षा के प्रति जागरूकता को भी प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
एनएसएस कैडेट्स ने विद्यालय के विद्यार्थियों के साथ संवाद कर उन्हें नियमित अध्ययन, अनुशासन, स्वच्छता एवं अच्छी आदतों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बच्चों को शिक्षा के महत्व, व्यक्तिगत स्वच्छता, पौष्टिक खान-पान एवं स्वस्थ दिनचर्या के बारे में जानकारी दी। इसके अतिरिक्त कार्यक्रम स्थल पर अतिथियों के स्वागत, कार्यक्रम व्यवस्था, विद्यार्थियों को व्यवस्थित करने तथा विभिन्न गतिविधियों के संचालन में भी सक्रिय सहयोग प्रदान किया। कैडेट्स ने सामूहिक सहभागिता एवं सेवा भावना का परिचय देते हुए समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई।
मुख्य अतिथि डॉ. अनीता गोयन्का ने स्वास्थ्य एवं वेलनेस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए व्यक्तिगत स्वच्छता, स्वस्थ जीवनशैली तथा शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की आवश्यकता बताई। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूक रहने तथा समय-समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अमित चंद्रा ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ सामाजिक जीवन की वास्तविक परिस्थितियों से जोड़ने का सशक्त माध्यम है। नुक्कड़ नाटक एवं जनजागरूकता गतिविधियों के माध्यम से एनएसएस कैडेट्स ने साइबर सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर समाज को जागरूक करने का सराहनीय प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर भावी शिक्षकों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, सामाजिक संवेदनशीलता एवं सेवा भावना विकसित करते हैं।
विशिष्ट अतिथि हरेंद्र सिंह ने एनएसएस कैडेट्स के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों एवं युवाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य और तकनीकी सुरक्षा के प्रति जागरूक करना वर्तमान समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करती हैं।
कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती ज्योति कैवर्त के मार्गदर्शन में किया गया। सहायक प्राध्यापक डॉ. चंचल यादव ने भी कार्यक्रम के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। एनएसएस कैडेट्स एवं बी.एड. प्रशिक्षु छात्राओं ने पूरे उत्साह, अनुशासन एवं समर्पण के साथ शिविर की गतिविधियों में सहभागिता की।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। यह एक दिवसीय शिविर एनएसएस कैडेट्स के लिए सामुदायिक सहभागिता, सामाजिक जागरूकता एवं व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने का महत्वपूर्ण अवसर रहा। इस पहल के माध्यम से साइबर सुरक्षित समाज, स्वस्थ जीवनशैली एवं शिक्षित समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।



