वन विभाग की दबिश, आरा मिल सील, एक अन्य जगह से अवैध चिरान भी जब्त, राज्य में वन अपराधों की रोकथाम के लिए अभियान लगातार जारी

रायपुर. वन मंत्री मोहम्मद अकबर के निर्देशानुसार वन विभाग द्वारा राज्य में अवैध लकड़ी कटाई, वन्य प्राणियों का शिकार तथा वन अपराधों की रोकथाम सहित वनों की सुरक्षा के लिए अभियान लगातार चलाया जा रहा है। अभियान के तहत की कार्रवाई में रायगढ़ वन मंडल के अंतर्गत मौदहापारा, रायगढ़ स्थित के.आर. गुप्ता आरा मिल को सील किया गया है, वहीं बिलासपुर वनमंडल के अंतर्गत सीपत सर्किल के ग्राम पोंडी ( अमलीपारा ) में लगभग 50 हजार रूपये से अधिक मूल्य के बीजा लकड़ी के अवैध चिरान तथा चिरान में प्रयुक्त सामग्री को जप्त किया गया है।
इनमें से मौदहापारा रायगढ़ में स्थित के.आर. गुप्ता, आरा मिल में रेंजर राजेश्वर मिश्रा और रेंजर श्रीमती लीला पटेल द्वारा टीम के साथ दबिश दी गई। यहां टीम को छापामार कार्रवाई के दौरान आरा मिल के भीतर बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित सेमल और अर्जुन प्रजाति के लकड़ी का भंडारण मिला। टीम को जांच के दौरान वहां भंडारण किए गए लकड़ियों के कोई भी वैध दस्तावेज उपलब्ध नहीं हुए और न ही मिल मालिक उपस्थित हुआ। इसके कारण टीम द्वारा आवश्यक कार्रवाई करते हुए के.आर. गुप्ता आरा मिल को सील कर दिया गया है और आगे जांच जारी है।
इसी तरह बिलासपुर वन मंडल के अंतर्गत वन विभाग के टीम द्वारा ग्राम पोंडी में सुरितराम धीवर के घर से लगे दुकान में छापामार कार्रवाई की गई। यहां 50 हजार रूपए से अधिक मूल्य के अवैध रूप से रखे बीजा चिरान तथा एक नग लकड़ी कटर तथा कुंदाई मशीन को जप्त किया गया।
उक्त कार्रवाई में परिक्षेत्र सहायक सीपत अजय बेन तथा परिसर रक्षक कान्हा वर्मा, अहमद खान, लोरिक कुर्रे आदि विभागीय अमले का भरपूर सहयोग रहा। प्रधान मुख्य वन संरक्षक राकेश चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में दोनों जगहों में अलग-अलग कार्रवाई वन मंडलाधिकारी रायगढ़ के मनोज पांडेय तथा वन मंडलाधिकारी बिलासपुर कुमार निशांत के निर्देशन में अपने-अपने क्षेत्र अंतर्गत वन विभाग की गठित टीम द्वारा की गई।

 



इसे भी पढ़े -  Balrampur Breaking News : हड़ताल कर रहे 5 पटवारी निलंबित, नोटिस जारी करने के बाद भी काम पर नहीं लौटने पर की गई कार्रवाई...

Related posts:

error: Content is protected !!