IPL 2024: हार्दिक का मुंबई इंडियंस में जाना तय! पर्स में कम राशि अड़चन; क्या इस खिलाड़ी को मिलेगी गुजरात की कप्तानी?

नई दिल्ली. IPL 2024 के अभी शुरू होने में तीन महीने से भी ज्यादा का समय बचा है। उससे पहले ही यह लीग खबरों में काफी बनी हुई है। दरअसल, अचानक से गुजरात टाइटंस के कप्तान हार्दिक पांड्या के मुंबई इंडियंस में जाने की खबरें सामने आई हैं। गुजरात की टीम पिछले दो सीजन से आईपीएल खेल रही है और पिछले दोनों सीजन में टीम हार्दिक की कप्तानी में फाइनल में पहुंची है।



2022 में तो गुजरात की टीम चैंपियन बनी थी। अब खबरें आ रही हैं कि हार्दिक गुजरात छोड़ने को तैयार हैं और मुंबई उन्हें ट्रेड विंडो से अपनी टीम में शामिल करना चाहती है। गुजरात भी हार्दिक को रिलीज करने के लिए तैयार है। हालांकि, मुंबई के पास फिलहाल फंड की कमी है। 26 को ट्रांसफर विंडो बंद हो जाएगी। मुंबई को उससे पहले ही रकम चुकानी होगी। डील लगभग तय है।

हार्दिक को मुंबई में मिलेंगे इतने रुपये

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुंबई को हार्दिक के वेतन के रूप में 15 करोड़ रुपये (लगभग 1.8 मिलियन डॉलर) और टाइटंस को ट्रांसफर फी का भुगतान करना होगा। ट्रांसफर फीस की रकम क्या है, इस बारे में अब तक जानकारी नहीं मिल सकी है। हार्दिक को ट्रांसफर फीस का 50 प्रतिशत तक मिलेगा। हार्दिक ने अपने आईपीएल करियर की शुरुआत भी मुंबई इंडियंस से 2015 में की थी।

यह देखना भी दिलचस्प होगा कि लगभग 10 साल बाद क्या मुंबई को एक नया कप्तान मिलेगा? हार्दिक फिलहाल गुजरात के कप्तान हैं और मुंबई में उन्हें कप्तानी सौंपी जाती है या नहीं, यह देखना दिलचस्प होगा। रोहित 2013 से मुंबई के कप्तान हैं। उनकी जगह हार्दिक को लीड करने का मौका मिल सकता है। हार्दिक टीम इंडिया के टी20 कप्तान भी हैं और अब तक अच्छी कप्तानी की है। रोहित के टी20 में अनिश्चित भविष्य को देखते हुए मुंबई यह फैसला कर सकता है।

पर्स में कम राशि बन रही अड़चन

अगर यह सौदा होता है तो यह आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा प्लेयर ट्रेड होगा। हालांकि, दोनों फ्रेंचाइजी ने अभी तक इस पर कोई सार्वजनिक टिप्पणी नहीं की है। मुंबई के लिए सबसे बड़ी चुनौती ट्रेड के लिए पर्याप्त पर्स रखना है। पिछली नीलामी के बाद, मुंबई के पास सिर्फ 0.05 करोड़ रुपये (लगभग 6000 यूएस डॉलर) बचे थे। फ्रेंचाइजी को आगामी नीलामी के लिए अपने पर्स में अतिरिक्त पांच करोड़ रुपये (लगभग 600,000 यूएस डॉलर) मिलेंगे।

इसे भी पढ़े -  IND vs ENG: इंग्लैंड के खिलाफ पुराना हिसाब चुकता करने उतरेगी टीम इंडिया, 38 साल पहले अंग्रजों ने वानखेड़े में दिया था सबसे बड़ा दर्द

इसका मतलब यह है कि मुंबई को हार्दिक को शामिल करने के लिए एक या दो बड़े प्लेयर को रिलीज करने की जरूरत है। रिटेंशन की समय सीमा 26 नवंबर को शाम चार बजे समाप्त हो रही है। 26 को ही पता चल जाएगा कि कौन सी टीम किस खिलाड़ी को रिटेन कर रही है और किसे रिलीज कर रही है। रिलीज होने वाले खिलाड़ियों को ऑक्शन में उतरना होगा।

हार्दिक का गुजरात के लिए शानदार प्रदर्शन

हार्दिक ने 2022 में गुजरात टाइटंस को अपने पहले ही आईपीएल सीजन में खिताब दिलाया था। हार्दिक राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच रहे थे। 2023 में टाइटंस ने लगातार दो सीजन में दूसरी बार आईपीएल फाइनल में जगह बनाई, जहां वह चेन्नई सुपर किंग्स से हार गए। दोनों सीजन में हार्दिक की अगुआई में टाइटंस लीग स्टेज में अंक तालिका में टॉप पर रही थी। हार्दिक और कोच आशीष नेहरा की जोड़ी सुपरहिट रही थी। टाइटंस के लिए दो सीजन में हार्दिक ने 30 पारियों में 41.65 की औसत और 133.49 के स्ट्राइक रेट के साथ 833 रन बनाए। उन्होंने 8.1 की इकोनॉमी के साथ 11 विकेट भी लिए।

ट्रेड विंडो से टीम बदलने वाले तीसरे कप्तान बनेंगे हार्दिक

हार्दिक इस समय चोटिल हैं और उन्हें भारत के वनडे विश्व कप अभियान के दौरान टखने में चोट लगी थी। अगर हार्दिक मुंबई में शामिल होते हैं तो ट्रेड विंडो से टीम बदलने वाले आईपीएल के तीसरे कप्तान होंगे। इससे पहले 2020 में रविचंद्रन अश्विन को दिल्ली कैपिटल्स ने पंजाब किंग्स से अपनी टीम में ट्रेड से शामिल किया था। वहीं, 2020 में ही अजिंक्य रहाणे को दिल्ली कैपिटल्स ने राजस्थान रॉयल्स से ट्रेड किया था।

गुजरात ने हार्दिक को कैसे शामिल किया था?

वैश्विक फंड मैनेजर सीवीसी कैपिटल पार्टनर्स के स्वामित्व वाली टाइटंस फ्रेंचाइजी जब 2021 में अस्तित्व में आई थी, तो उन्हें मेगा नीलामी से पहले अन्य फ्रेंचाइजी द्वारा जारी पूल से तीन खिलाड़ियों को चुनने की अनुमति दी गई थी। टाइटंस ने हार्दिक और अफगानिस्तान के ऑलराउंडर राशिद खान को 15 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया, जबकि शुभमन गिल को सात करोड़ रुपये में टीम से जोड़ा गया। हालांकि, गुजरात टाइटंस से दो सीजन खेलने के बाद हार्दिक उस टीम में लौटने को तैयार हैं जहां उन्होंने अपने आईपीएल करियर की शुरुआत की और खेल के सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडरों में से एक के रूप में विकसित हुए।

इसे भी पढ़े -  IND vs ENG: इंग्लैंड के खिलाफ पुराना हिसाब चुकता करने उतरेगी टीम इंडिया, 38 साल पहले अंग्रजों ने वानखेड़े में दिया था सबसे बड़ा दर्द

अनकैप्ड खिलाड़ी के रूप में 2015 में 10 लाख रुपये में खरीदे गए हार्दिक 2015, 2017, 2019 और 2020 में मुंबई के खिताब जीतने वाले सीजन का हिस्सा थे। हार्दिक आईपीएल के इतिहास के सबसे सफल ऑलराउंडर्स में से एक हैं। उन्होंने 123 मैचों में 30.38 के औसत और 145 के स्ट्राइक रेट से 2309 रन बनाए हैं। इसके अलावा 53 विकेट भी लिए हैं।

मुंबई ने 2022 आईपीएल से पहले हार्दिक को रिलीज किया था

2021 तक हर नीलामी से पहले मुंबई द्वारा रिटेन किए जाने के बाद हार्दिक को आखिरकार 2022 मेगा नीलामी से पहले रिलीज कर दिया गया। मुंबई का यह एक ऐसा निर्णय था जो आश्चर्यचकित करने वाला था। मुंबई को उस साल केवल चार खिलाड़ियों को रिटेन करने की अनुमति दी गई थी और उन्होंने रोहित शर्मा, जसप्रीत बुमराह, सूर्यकुमार यादव और कीरोन पोलार्ड को बनाए रखने का फैसला किया, जिससे टाइटंस के लिए हार्दिक को अपने कप्तान के रूप में साइन करने का मौका मिला था। हालांकि, पिछले दो सीजन में मुंबई के खराब प्रदर्शन और हार्दिक के सही रिप्लेसमेंट के नहीं मिल पाने के कारण मुंबई को फिर से उन्हें शामिल करना पड़ रहा है।

अब कौन होगा गुजरात का नया कप्तान?

गुजरात टाइटंस को हार्दिक के जाने से बड़ा झटका लगेगा। हालांकि, टीम के पास अनुभवी और युवा खिलाड़ियों का एक शानदार पूल है, जिसमें शुभमन के अलावा केन विलियम्सन, मोहम्मद शमी, ऋद्धिमान साहा, विजयशंकर, साई किशोर, राशिद खान, डेविड मिलर जैसे खिलाड़ी हैं। इन सभी खिलाड़ियों ने पिछले दो सीजन शानदार प्रदर्शन किया है। हार्दिक इन्हें लीड करने में कामयाब हुए थे। अब देखने वाली बात यह होगी कि गुजरात मैनेजमेंट किसे अपना नया कप्तान नियुक्त करता है।

शुभमन इस रेस में फिलहाल सबसे आगे हैं। उनकी फिटनेस और उनका फॉर्म उन्हें रेस में सबसे आगे बनाए हुए हैं। शुभमन अभी युवा हैं और उनकी कप्तानी करने से टीम इंडिया को भी काफी फायदा होगा। साथ ही यह तय है कि अगर वह चोटिल नहीं होते हैं तो सभी मैच खेलते दिखेंगे। इसके अलावा गुजरात के पास विलियम्सन के रूप में भी अनुभव है।

इसे भी पढ़े -  IND vs ENG: इंग्लैंड के खिलाफ पुराना हिसाब चुकता करने उतरेगी टीम इंडिया, 38 साल पहले अंग्रजों ने वानखेड़े में दिया था सबसे बड़ा दर्द

विलियम्सन न्यूजीलैंड की कप्तानी के अलावा आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान रह चुके हैं और 2018 में अपनी कप्तानी में हैदराबाद को फाइनल में भी पहुंचाया था। वहीं, राशिद खान गुजरात टीम के उपकप्तान हैं कप्तानी के अच्छे दावेदार हैं। उन्हें दुनियाभर की कई लीग्स में कप्तानी करने का अनुभव है। साथ ही वह अफगानिस्तान के लिए भी कप्तानी कर चुके हैं।

रोहित शर्मा से होगी अदला बदली?
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में तो यह भी दावा किया गया है कि हार्दिक को रोहित के साथ ट्रेड किया जा सकता है। जहां हार्दिक के खाते में सिर्फ एक खिताब है, वहीं रोहित आईपीएल के सबसे सफल कप्तानों में से एक हैं। हिटमैन ने मुंबई को पांच खिताब दिलाए हैं।

ऐसे में यह ट्रेड मुंबई के लिए घातक हो सकता है। हालांकि, इसमें कितनी सच्चाई है यह तो 26 नवंबर तक पता चलेगा। रोहित जिस फॉर्म में हैं, ऐसे में उन्हें रिलीज करने का रिस्क मुंबई नहीं उठाना चाहेगा। अगर रोहित गुजरात में जाते हैं तो बिना किसी देरी के टाइटंस उन्हें कप्तानी सौंप देगी।

error: Content is protected !!