



परीक्षा पे चर्चा 2026 कार्यक्रम के अंतर्गत 23 जनवरी 2026, पराक्रम दिवस के अवसर पर एक भव्य प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन केन्द्रीय विद्यालय, मुनुंद रोड, खोखरा, जांजगीर में किया गया। इस शैक्षणिक एवं प्रेरणादायक प्रतियोगिता में जांजगीर-चाम्पा जिले के विभिन्न शासकीय एवं निजी विद्यालयों के सैकड़ों विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह प्रतियोगिता विद्यार्थियों में देशभक्ति, सामान्य ज्ञान, समसामयिक विषयों तथा राष्ट्रहित से जुड़े विषयों की समझ विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित की गई थी। प्रतियोगिता का मुख्य विषय “ऑपरेशन सिंदूर” रखा गया था, जिसने छात्रों में विशेष रुचि और उत्सुकता उत्पन्न की। प्रतिभागियों ने विषय से संबंधित प्रश्नों के उत्तर बड़े आत्मविश्वास और बौद्धिक क्षमता के साथ दिए। प्रतियोगिता को दो वर्गों में विभाजित किया गया था। पहला वर्ग कक्षा 6वीं से 8वीं तक तथा दूसरा वर्ग कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए निर्धारित था। दोनों ही वर्गों में विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। इस प्रतियोगिता में ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल, बनारी, जांजगीर के विद्यार्थियों ने विशेष रूप से सराहनीय प्रदर्शन करते हुए सफलता का परचम लहराया। कक्षा 6वीं से 8वीं वर्ग में ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय तीनों स्थानों पर कब्जा कर विद्यालय का नाम रोशन किया। इस वर्ग में प्रथम स्थान – आलोक चतुर्थी द्वितीय स्थान – रिद्धिमा खुंटे तृतीय स्थान – दीपांशी दुबे ने प्राप्त किया। ऑपरेशन सिंदूर से संबंधित गतिविधियों की देख-रेख एवं विद्यार्थियों की प्रतियोगिता से संबंधित संपूर्ण तैयारी संस्था की शिक्षिका श्रीमती हन्ना देवी के द्वारा किया गया। विद्यार्थियों की इस शानदार उपलब्धि से ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल परिवार में हर्ष और गर्व का वातावरण है।
विद्यालय के संचालक आलोक अग्रवाल, डॉ. गिरिराज गढ़ेवाल, प्राचार्य श्रीमती सोनाली सिंह, शिक्षकों एवं अभिभावकों ने विद्यार्थियों की इस सफलता पर उन्हें बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और विद्यालय के सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण का परिणाम है। कार्यक्रम के समापन अवसर पर आयोजकों द्वारा सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मान किया गया तथा इस प्रकार की प्रतियोगिताओं को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक बताया। यह आयोजन न केवल ज्ञानवर्धक रहा, बल्कि विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, प्रतिस्पर्धा की भावना और राष्ट्रप्रेम को भी सुदृढ़ करने वाला सिद्ध हुआ।




