CG NEWS : अन्वेषण में उत्कृष्टता के लिए एडिशनल एसपी योगेश कुमार साहू को मिला ‘केन्द्रीय गृहमंत्री दक्षता पदक-2026’, कोरबा के बहुचर्चित सामूहिक दुष्कर्म एवं तिहरे हत्याकांड की उत्कृष्ट विवेचना के लिए मिला राष्ट्रीय स्तर का प्रतिष्ठित सम्मान, 5 आरोपियों को मृत्युदंड एवं 1 आरोपी को आजीवन कारावास की मिली थी सजा

रायपुर. केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा पुलिस एवं सुरक्षा बलों के अधिकारियों-कर्मचारियों के उत्कृष्ट कार्यों को मान्यता प्रदान करने, उच्च पेशेवर मानकों को प्रोत्साहित करने तथा कर्मियों का मनोबल बढ़ाने के उद्देश्य से ‘केन्द्रीय गृहमंत्री दक्षता पदक’ प्रदान किया जाता है. इस पदक के अंतर्गत ऑपरेशन, अनुसंधान, खुफिया सेवा एवं फॉरेंसिक विज्ञान के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय योगदान देने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया जाता है. पदक की घोषणा प्रतिवर्ष 31 अक्टूबर को लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर की जाती है.

 



इसी क्रम में वर्ष 2026 के लिए अन्वेषण में उत्कृष्टता हेतु प्रदान किए जाने वाले ‘केन्द्रीय गृहमंत्री दक्षता पदक’ से जिला उत्तर बस्तर कांकेर में पदस्थ योगेश कुमार साहू, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कांकेर को सम्मानित किया गया है. यह सम्मान उनके द्वारा पूर्व में जिला कोरबा में नगर पुलिस अधीक्षक के पद पर पदस्थापना के दौरान किए गए उत्कृष्ट एवं प्रभावी अनुसंधान कार्य के लिए प्रदान किया गया है.

इसे भी पढ़े -  Korba Suspend Big News : पटवारी सस्पेंड, कलेक्टर ने की कार्रवाई, आदेश जारी...

एडिशनल एसपी योगेश कुमार साहू द्वारा थाना लेमरू, जिला कोरबा में अपराध क्रमांक 06/2021 धारा-148, 149, 302, 307, 376 (DA), 120 (बी), 201 भा.द.वि. 3(2) V अनुसचित जाति/अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण तथा धारा 6 लैंगिक अपराधों से बालको का संरक्षण अधिनियम, 2012 के प्रकरण के अंतर्गत दर्ज अत्यंत संवेदनशील एवं जघन्य सामूहिक दुष्कर्म एवं तिहरे हत्याकांड की विवेचना की गई थी.

इस प्रकरण में पहाड़ी कोरवा जनजाति के आदिवासी परिवार के पिता, उनकी नाबालिग पुत्री एवं नातिन की नृशंस हत्या की गई थी. प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए घटना के 24 घंटे के भीतर सभी आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की तथा विवेचना के दौरान महत्वपूर्ण साक्ष्यों का सूक्ष्मता एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण से संकलन करके 24 दिन के भीतर अंतिम चालान न्यायालय में प्रस्तुत किया गया.

इसे भी पढ़े -  CG Asp-Dsp Transfer News : राज्य पुलिस सेवा के कई अफसरों का हुआ तबादला, देखिए पूरी सूची...

प्रकरण में उच्च कोटि के विवेचना के फलस्वरूप ही उक्त सामूहिक दुष्कर्म व तिहरे हत्याकांड के आरोपियों के विरूद्ध भारतीय दंड विधान, पॉक्सो अधिनियम एवं अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत आरोप सिद्ध हुए। माननीय अपर सत्र न्यायाधीश, FTSC (POCSO), कोरबा द्वारा दिनांक 15 जनवरी 2025 को पारित निर्णय में प्रकरण के 05 आरोपियों को मृत्युदंड तथा 01 अन्य आरोपी को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई.

एडिशनल एसपी योगेश कुमार साहू को प्राप्त यह प्रतिष्ठित पदक उनकी उत्कृष्ट अनुसंधान क्षमता, कर्तव्यनिष्ठा, पेशेवर दक्षता एवं प्रभावी पुलिसिंग का राष्ट्रीय स्तर पर मिला सम्मान है.

इस पर कांकेर पुलिस के लिए यह गौरव एवं प्रसन्नता का विषय है कि जिले में पदस्थ पुलिस अधिकारी को उनके उत्कृष्ट अनुसंधान कार्य के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है. यह उपलब्धि जिले के समस्त पुलिसअधिकारियों एवं कर्मचारियों को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण विवेचना के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित करेगी.

इसे भी पढ़े -  Balrampur Suspend : पटवारी को निलंबित किया गया, SDM ने आदेश जारी किया...

Related posts:

error: Content is protected !!