कोरबा. वन परिक्षेत्र कुदमुरा अंतर्गत ग्राम जिलगा में हाथी को ट्रैक्टर के माध्यम से परेशान करने के मामले में वन विभाग द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल दाखिल कर दिया गया है. इस मामले के संबंध में वनमंडलाधिकारी, कोरबा के निर्देश गठित टीम द्वारा लगातार जांच एवं पतासाजी की जा रही थी। इसी क्रम में 24 नवंबर 2026 को उपवनमंडल अधिकारी, कोरबा तथा वन परिक्षेत्र अधिकारी, कुदमुरा एवं पसरखेत की उपस्थिति में वन विभाग के मैदानी अमले द्वारा ग्राम जिलगा में सघन तलाशी के दौरान घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर को गांव की एक बाड़ी में छिपाकर रखा हुआ पाया गया। वन विभाग की टीम द्वारा उक्त ट्रैक्टर को जप्त कर वन परिक्षेत्र कार्यालय लाया गया। जांच में यह भी जानकारी सामने आई कि ट्रैक्टर चालक दिग्विजय के पास वाहन चलाने हेतु ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था।
प्रकरण में आगे की विवेचना एवं पतासाजी के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर 25 नवंबर 2026 को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर नियमानुसार जेल दाखिल कर दिया गया है.









गिरफ्तार आरोपियों मे प्रमुख रुप से दिग्विजय, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम जिलगा, थाना श्यांग, जिला कोरबा (छ.ग.)।
2 सुकनंदन, उम्र 36 वर्ष, निवासी ग्राम जिलगा, थाना श्यांग, जिला कोरबा (छ.ग.)।3. सब्बीर खान, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम जिलगा, थाना श्यांग, जिला कोरबा (छ.ग.)।
प्रकरण में आरोपित धाराएँ :
भारतीय वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 के अंतर्गत धारा 9 सहपठित धारा 2(16)(ख), धारा 2(35), धारा 2(36), धारा 39(1)(घ), धारा 50(1)(ग), धारा 51 एवं धारा 52 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई है।
वही इस घटना के बाद
वन विभाग द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि हाथियों की मौजूदगी वाले क्षेत्रों में सुरक्षित दूरी बनाए रखें तथा हाथियों को परेशान करने, उनका पीछा करने अथवा वाहनों से उनके नजदीक जाने जैसी गतिविधियों से बचें। वन विभाग के निर्देशों का पालन करें एवं मानव-हाथी द्वंद्व की रोकथाम में सहयोग प्रदान करें।



