जांजगीर-चांपा. राज्य शासन की महत्वकांक्षी योजना नरवा, गरूवा, घुरूवा, बाड़ी के तहत बनाए गए गौठानों में राष्ट्रीय आजीविका मिशन ग्रामीण से जुड़ी स्व सहायता समूह की महिलाएं आजीविका संवर्धन की ओर अग्रसर हैं। इसी दिशा में एक ओर कदम 19 जून को रोका-छेका के आयोजन के साथ ही समूह की महिलाएं बढ़ाएंगी, जब वे अपने हाथों से बनाई गई कम्पोस्ट खाद, मशरूम, सब्जी, आचार पापड़, फिनायल, दोना पत्तल, साबुन, आदि सामग्री का विक्रय गौठान के माध्यम से करेंगी।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी तीर्थराज अग्रवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा दिए गए निर्देश के अनुपालन मेें 19 जून को रोका-छेका प्रथा के तहत खुले में पशुओं के चरने से रोकना है। रोका-छेका की प्रथा में फसल बुआई को बढ़ावा देने एवं पशुओं के चरने से फसल को होने वाले हानि से बचाने के लिए पशुपालक एवं ग्रामवासियों के माध्यम से पशु को बांधकर रखने एवं चरवाहे की व्यवस्था का कार्य किया जाता है। जिपं सीईओ ने बताया कि कलेक्टर यशवंत कुमार के मार्ग निर्देशन में 19 जून को विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे। इस संबंध में सभी विभागीय अधिकारियों, गौठान के नोडल अधिकारी, जनपद पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी, के अलावा फील्ड से जुड़े अधिकारी, कर्मचारियों को आवश्यक तैयारी करने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान फिजिकल डिस्टेंसिंग का पालन, मास्क लगाने एवं सैनिटाइजर से हाथ धोने का पालन करने कहा गया है। जिपं सीईओ ने बताया कि इस दौरान गौठान में विभिन्न विभागों के शिविर भी लगाए जाएंगे साथ ही महिला समूहों द्वारा बनाए गए प्रोडेक्ट का प्रदर्शन भी किया जाएगा।
जिले में 335 गौठान का निर्माण
जिले में 335 गौठान का निर्माण किया जा रहा है। प्रथम चरण में 149 गौठान की स्वीकृति दी गई थी, जिसमें से 145 गौठान का निर्माण पूर्ण कर लिया गया। 4 गौठान प्रगति पर है। इसी तरह द्वितीय चरण में 186 गौठान की मंजूरी दी गई थी। जिसमें से 50 गौठान को पूर्ण कर लिया गया है, शेष गौठान प्रगतिरत हैं।
गौठान में मिलेंगे जैविक खाद, आचार-पापड़
19 जून को होने वाले कार्यक्रम के दौरान एनआरएलएम स्व सहायता समूह की महिलाओं द्वारा गौठान में गोबर के माध्यम से तैयार की गई जैविक खाद का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके अलावा गौठान में मशरूम का उत्पादन करने वाले समूह, अगरबत्ती का निर्माण करने वाले समूह, साबुन बनाने वाले समूह के साथ ही गांव में अन्य समूहों द्वारा बनाई जाने वाली सामग्री का प्रदर्शन किया जाएगा। जिसमें आचार, पापड़, बड़ी, दोना-पत्तल, हल्दी, मिर्च पाउडर, पेंसिल, घरों में साफ-सफाई के लिए तैयार किए गए झाडू, बच्चों की गुल्लक, बांस से बनाई गई विभिन्न प्रकार की सजावट की सामग्री आदि का प्रदर्शन होगा। गौठान से स्वरोजगार प्राप्त कर आर्थिक रूप से समूह की महिलाएं मजबूत बन सकेंगी।
गौठान में लगेंगे शिविर
19 जून को पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, कृषि विभाग, पशु चिकित्सा, पशुपालन, मछलीपालन आदि विभागों के द्वारा गौठान में शिविर भी लगाया जाएगा। रोका-छेका की तैयारियों के संबंध में बैठक का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें पंच, सरपंच, जनप्रतिनिधि, ग्राम के नागरिक और चरवाहे शामिल होंगे।