



ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल, बनारी जांजगीर में संस्था के संचालक आलोक अग्रवाल, डॉ. गिरिराज गढ़ेवाल एवं प्राचार्य श्रीमती सोनाली सिंह के निर्देश में प्री-प्राइमरी (बाल वाटिका) वर्ग के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों द्वारा गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में प्री-रिपब्लिक डे सेलिब्रेशन का भव्य एवं आकर्षक आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बाल वाटिका वर्ग के नर्सरी से लेकर कक्षा दूसरी तक के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता, अनुशासन एवं सांस्कृतिक मूल्यों की भावना को विकसित करना था। विद्यालय परिसर को तिरंगे गुब्बारों, राष्ट्रीय ध्वजों, देशभक्ति से संबंधित पोस्टरों एवं आकर्षक सजावट से सुसज्जित किया गया, जिससे पूरा वातावरण देशभक्ति के रंग में रंगा हुआ प्रतीत हो रहा था।
कार्यक्रम की शुरूआत में सर्वप्रथम कक्षा-नर्सरी के विद्यार्थियों ने रैम्प वॉक किया, एल.के.जी के विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति गीत पर समूह नृत्य प्रस्तुत किया गया, साथ ही पार्थिवी, उन्नति, गरिमा, दिव्यांशी द्वारा एकल गीत एवं नृत्य प्रस्तुत किया गया, यू.के.जी के विद्यार्थियों द्वारा सारे जहाँ से अच्छा गीत पर समूह नृत्य प्रस्तुत किया गया, रोशेल एवं अराधना द्वारा एकल नृत्य एवं गीत प्रस्तुत किया गया। कक्षा-पहली ‘अ‘, पहली ‘ब‘ एवं कक्षा-दूसरी के विद्यार्थियों द्वारा समूह नृत्य प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम का मंच संचालन संस्था की शिक्षिका श्रीमती सरिता प्रधान एवं रानू शर्मा द्वारा किया गया। मासूम बच्चों के उत्साह और आत्मीय भावनाओं से भरे नृत्य एवं गीत ने सभी अभिभावकों और शिक्षकों को भावुक कर दिया। अभिभावकों ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों के प्रयासों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। विद्यालय के प्राचार्य प्रबंधन द्वारा बच्चों को संबोधित करते हुए कहा गया कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में बचपन से ही राष्ट्रीय चेतना, अनुशासन, आत्मविश्वास एवं मंच पर प्रस्तुति देने की क्षमता का विकास होता है। उन्होंने कहा कि बाल वाटिका स्तर से ही बच्चों को भारतीय संस्कृति और देश के गौरवशाली इतिहास से परिचित कराना अत्यंत आवश्यक है, ताकि वे आगे चलकर एक जिम्मेदार और जागरूक नागरिक बन सकें।
विद्यालय की शिक्षिकाओं ने बच्चों को कार्यक्रम के लिए कई दिनों तक अभ्यास कराया और उन्हें मंच पर निर्भीक होकर प्रस्तुति देने के लिए प्रेरित किया। शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग से यह आयोजन अत्यंत सफल एवं यादगार बन पाया। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को मिठाई वितरित किया गया। बच्चों के चेहरे पर खुशी और गर्व की झलक साफ दिखाई दे रही थी। पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति के नारों से गूंज उठा और वातावरण अत्यंत उल्लासपूर्ण हो गया। इस प्रकार ब्रिलिएंट पब्लिक स्कूल, बनारी, जांजगीर में आयोजित यह प्री-रिपब्लिक डे सेलिब्रेशन नन्हे विद्यार्थियों के लिए न केवल मनोरंजन का साधन बना, बल्कि उनमें देशप्रेम, सांस्कृतिक चेतना एवं राष्ट्रीय गौरव की भावना को भी मजबूत करने वाला साबित हुआ। विद्यालय परिवार द्वारा किया गया यह प्रयास निश्चित रूप से सराहनीय है और भविष्य में भी ऐसे प्रेरणादायक आयोजनों की निरंतरता बनी रहेगी।






