




आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स ऋतुराज गायतकवाड़ की अगुवाई में छठी बार टाइटल अपने नाम करना चाहेगी। हालांकि, उनके लिए अब ये कार्य और भी मुश्किल हो सकता है। चेन्नई को नए सीजन की शुरूआत से पहले बड़ा झटका लगा है, जो उनके छठे टाइटल का सपना तोड़ सकता है। चेन्नई के तेज गेंदबाज नाथन एलिस चोट की वजह से पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं। एलिस का बाहर होना सीएसके के लिए बड़ा झटका है।
चेन्नई के लिए एलिस अंत के ओवरों में अच्छी गेंदबाजी कर सकते थे। उन्हें डेथ ओवरों में बॉलिंग करने का अनुभव भी है। इससे पहले वे पंजाब किंग्स के लिए खेलते थे और आईपीएल 2025 के ऑक्शन में उन्हें सीएसके ने अपने साथ जोड़ा था। ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज अब इस पूरे सीजन खेलते हुए नहीं दिखेंगे। सीएसके ने उनके रिप्लेसमेंट के रूप में किसी के नाम का एलान नहीं किया है।
नाथन एलिस आईपीएल 2026 से हुए बाहर
सीएसके ने आईपीएल 2026 से पहले मथीशा पथिराना को रिलीज कर दिया था। इसके बाद एलिस को ऑक्शन में अपनी टीम में शामिल किया था। एलिस सीएसके की तेज गेंदबाजी की अगुवाई करने वाले थे लेकिन चोट की वजह से पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। सीएसके ने उन्हें 2025 में 2 करोड़ रुपए में खरीदा था। इससे पहले वे पंजाब के लिए 2021 से 2025 तक खेले थे। उन्होंने अपने आईपीएल करियर में 17 मैच खेले, जिसमें 19 विकेट हासिल किए।
एलिस को हैमिस्ट्रिंग चोट का सामना करना पड़ रहा है। इस वजह से वे आईपीएल 2026 में खेलते हुए नहीं दिखाई देंगे। स्पोर्टस्टार से बात करते हुए सीएसके के सीईओ विश्वनाथन ने कहा, “एलिस का बाहर होना हमारे लिए बड़ा झटका है। वे डेथ ओवरों में एक महत्वपूर्ण गेंदबाज हैं। हम उनके विकल्प की तलाश कर रहे हैं।”
चेन्नई का तेज गेंदबाजी आक्रमण
चेन्नई के तेज गेंदबाजी आक्रमण पर नजर डालें, तो उनकी टीम में विदेशी गेंदबाजों में मैट हेनरी और जैक फाउल्क्स का नाम शामिल है। उनके अलावा इंग्लैंड के ऑलराउंडर जेमी ओवरटन भी चेन्नई का हिस्सा हैं। भारतीय पेसर में खलील अहमद, अंशुल कंबोज, मुकेश चौधरी और गुरजपनीत सिंह शामिल हैं। ऐसे में उनका तेज गेंदबाजी आक्रमण मजबूत नजर आता है लेकिन एलिस का जाना बड़ा झटका है।





