




जांजगीर-चाम्पा. बिर्रा थाना क्षेत्र के करही गांव में गोलीकांड और हत्या के चर्चित मामले में डिप्टी सीएम ( गृहमंत्री ) विजय शर्मा द्वारा वारदात की जानकारी नहीं होने की बात मीडिया से कहे जाने के बाद सियासत तेज हो गई है. डिप्टी सीएम, शिवरीनारायण क्षेत्र के दौरे पर आए थे. यहां मीडिया ने करही गोलीकांड, हत्या के मामले में जांच और पुलिस को कोई निर्देश देने को लेकर सवाल पूछा तो गृहमंत्री ने कहा, ‘उन्हें मालूम नहीं है, बात करता हूं’.

डिप्टी सीएम के इस बयान के बाद कांग्रेस विधायक ब्यास कश्यप और बालेश्वर साहू ने प्रतिक्रिया दी है. विधायक ब्यास कश्यप ने कहा है कि जिस वारदात की 2 जिलों के साथ ही पूरे छग में चर्चा रही, उसकी गृहमंत्री को कोई जानकारी नहीं है, यह बताता है, छग में किस तरह की कानून व्यवस्था है. डिप्टी सीएम का बंगाल पर ध्यान है, लेकिन इस बड़ी वारदात की उन्हें जानकारी नहीं है, यह गम्भीर बात है.
विधायक बालेश्वर साहू ने कहा है कि 30 अप्रेल को रायपुर में डिप्टी सीएम ( गृहमंत्री ) को गोलीकांड और हत्या की वारदात से अवगत कराया है. साथ ही, करही गांव में लगातार बढ़ते विवाद को देखते हुए पुलिस चौकी बनाने की मांग की गई है. साथ ही, गोलीकांड के बदमाशों को पकड़ने की मांग भी की गई है.
इधर, मृतक युवक के पिता सम्मेलाल कश्यप ने विधायक बालेश्वर साहू से मुलाकात की. इस दौरान विधायक के माध्यम से नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने परिजन से चर्चा की और घटना की जानकारी ली. दूसरी ओर, मृतक युवक सम्मेलाल कश्यप ने रायपुर जाकर डिप्टी सीएम विजय शर्मा से मुलाकात करने की बात कही है. यहां बदमाशों को जल्द पकड़ने के लिए पहल करने की मांग की जाएगी.
आपको बता दें, 23-24 अप्रेल की दरमियानी रात करही गांव में घर में घुसकर 3 नकाबपोश बदमाशों ने युवक आयुष कश्यप की गोली मारकर हत्या की थी और छोटा भाई आशुतोष कश्यप, घायल हुआ है. वारदात के पहले घर के बाहर और अंदर जाते 3 नकाबपोश बदमाशों का CCTV फुटेज सामने आया है. वारदात को घटित हुए 8 दिन बीत गया है, लेकिन पुलिस के हाथ खाली है. पुलिस की टीम CCTV खंगाल रही है, कॉल डिटेल खंगाले जा रहे हैं, संदेहियों से पूछताछ की जा रही है. मामले में 4 प्रमुख टीम में 30 से ज्यादा पुलिसकर्मी शामिल है. अब गोलीकांड और हत्या के मामले में डिप्टी सीएम को जानकारी नहीं होने के बयान के बाद सियासत तेज हो गई है.





