JanjgirChampa Big News : बलौदा क्षेत्र में कोलवाशरी बनी लोगों के लिए मुसीबत, कोलवाशरी प्रबंधनों की मनमानी, प्रदूषण और बीमारी से परेशान हो रहे लोग, भू-जल स्रोत के दोहन से क्षेत्र में लगातार गिर रहा जलस्तर, अभी से डबरी-तालाब सूखे, कोलवाशरी की डस्ट से पट रही डबरी, प्राकृतिक संसाधन को नष्ट करने की हो रही मनमानी कोशिश, जिला प्रशासन के अफसरों को लोगों की समस्याओं से कोई मतलब नहीं, नारकीय जीवन जी रहे क्षेत्र के लोग, डिटेल में पढ़िए…

जांजगीर-चाम्पा. बलौदा क्षेत्र में 3 कोलवाशरी हिंद, महावीर और रेडियंट कोलवाशरी संचालित है, जिसकी वजह से स्थानीय लोगों की मुसीबत बढ़ी हुई है. कोलवाशरी प्रबंधनों की मनमानी की वजह से स्थानीय लोगों की जिंदगी, प्रदूषण और बीमारी के साये में गुजर रही है. कोलवाशरी की डस्ट से धान और सब्जी की फसल बर्बाद हो रही है. पेयजल की बड़ी समस्या है. कुछ घरों में काला पानी निकलता है. यहां का पानी पीने योग्य नहीं रह गया है, वहीं अंधाधुंध भू जल स्रोत का भी जमकर दोहन किया जा रहा है. कोलवाशरी के अंदर बड़े-बड़े बोर संचालित हो रहे हैं. इसकी वजह से बलौदा क्षेत्र में जलस्तर लगातार नीचे जा रहा है. अभी से यहां तालाब और डबरी सूख गए हैं. हैण्डपम्प और बोर में देरी से पानी आ रहे हैं, जबकि बारिश खत्म हुई है और आगे भीषण गर्मी भी आना बाकी है.

 



भूजल के दोहन कोलवाशरी द्वारा करने से गर्मी में जलस्तर काफी नीचे चला जाता है. कुल-मिलाकर, स्थानीय लोगों पर कोलवाशरी चौतरफा मुसीबत बन गई है. एक तरफ भारी वाहनों का दबाव, हादसे का हर पल डर, वहीं सड़क पर धूल का गुबार, जिसके लिए पानी का छिड़काव नहीं किया जाता. यहां कोलवाशरी प्रबंधनों की मनमानी चरम पर है, वहीं लोगों की समस्याओं से अफसरों को कोई लेना-देना नहीं है. कोलवाशरी की वजह से चारों तरफ से यहां के लोग परेशानी झेलने मजबूर हैं, यहां सुविधाओं के नाम पर कुछ नहीं है. यहां की कोलवाशरी से लोगों को केवल प्रदूषण, बीमारी यही मिल रहे हैं. यहां तीनों कोलवाशरी, लोगों के जीवन से खिलवाड़ कर रही है. कोयला से खूब कमाई तो हो रही है और प्रबन्धन को व्यापक लाभ हो रहा है, लेकिन स्थानीय लोगों के जीवन में उजियारा लाने कोई सुध नहीं ली जा रही है. ग्रामीण जब प्रबन्धन को समस्या बताते हैं तो उसे अनसुना कर दिया जाता है और यहां के लोग नारकीय जीवन जीने मजबूर हैं, क्योंकि अफसरों ने भी आंख पर पट्टी बांध ली है. इस तरह कोलवाशरी प्रबन्धन की मनमानी रुकने का नाम नहीं ले रहा है.

इसे भी पढ़े -  Baheradih Big News : बहेराडीह प्रायमरी स्कूल को नियम विरुद्ध किया गया मिडिल स्कूल में मर्ज, शाला प्रबंधन समिति व पालक ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

मीडिया की टीम ने बिरगहनी गांव पहुंचकर हिंद कोलवाशरी का जायजा लिया और यहां स्थानीय लोगों की मुसीबत बढ़ी हुई है. 24 घण्टे चलने वाली कोलवाशरी की मशीनों की तेज आवाज से स्थानीय लोग परेशान होते आ रहे हैं. घरों में दरारें आ गई हैं. तेज आवाज से बच्चों की पढ़ाई नहीं होती. यहां सबसे बड़ी समस्या, पेयजल की है, जहां बारिश में काला पानी ( डस्ट वाला पानी ) बोर से निकलता है. सामान्य दिनों में भी पानी से काले कंकड़ निकलते हैं, घर में ढंककर भी पानी रखने पर उसमें काली डस्ट की परत जम जाती है. गर्मी में कोलवाशरी द्वारा भूजल दोहन से यहां जलस्तर बहुत नीचे चला जाता है, वहीं लोगों के बोर से इस दौरान केवल हवा निकलती है. इस तरह इन परिवारों को बरसों से कोलवाशरी का दंश झेलना पड़ रहा है. गर्मी- बारिश सभी वक्त पेयजल की समस्या है और वे बीमारी से ग्रसित हो रहे हैं, क्योंकि कोलवाशरी की काला डस्ट दिन-रात उड़ती है, क्योंकि मशीन भी दिन-रात चलती है. घर, आसपास के पौधे काली डस्ट की परत कोलवाशरी प्रबंधन की अंधेरगर्दी की साक्षी बनी हुई है.

हिंद कोलवाशरी की मनमानी यहीं नहीं रुकी है. प्रबन्धन द्वारा काली डस्ट मिला पानी बारिश में छोड़ा जाता है. इससे बिरगहनी गांव की 2 डबरी और नाले, काली डस्ट से पट रही है, डबरी में काली डस्ट की डेढ़ फीट से 2 फ़ीट तक मोटी परत जम गई है. इस तरह हिन्द कोलवाशरी द्वारा प्राकृतिक संसाधन को नुकसान पहुंचाया जा रहा है. स्थानीय लोगों ने बताया कि डबरी में भरे पानी को मवेशी पीते थे, किसान सिंचाई करते थे, लेकिन डबरी में डस्ट पटने के बाद वह पानी ना तो मवेशी के पीने लायक है और ना ही सिंचाई के लायक. कोलवाशरी प्रबन्धन की मनमानी बरसों से जारी है, लेकिन इस पर लगाम नहीं लगने से यह सिलसिला थम नहीं रहा है.

इसे भी पढ़े -  Janjgir Murder Arrest : उधारी रकम के विवाद में सिर पर पत्थर पटककर हत्या, एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा आरोपी फरार, तलाश में जुटी सिटी कोतवाली पुलिस...

स्थानीय लोगों का कहना है, कोलवाशरी द्वारा भू-जल का दोहन किया जाता है, इसलिए अभी से जलस्तर नीचे चला गया है. डबरी-तालाब सूख गए हैं. गर्मी में यह मुसीबत कई गुना बढ़ जाती है, इसलिए भी कोलवाशरी को लेकर लोगों में आक्रोश है. धान की फसल को भी व्यापक नुकसान होता है. खेतों में डस्ट वाला पानी छोड़ दिया जाता है. धान की बाली काली होने से खरीदी नहीं की जाती है. इस वजह से क्षेत्र के किसान परेशान हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि कोलवाशरी की वजह से धूल बहुत है, लेकिन पानी का छिड़काव नहीं होता. प्रबंधन द्वारा कोलवाशरी के गेट पर पानी छिड़काव कर अपनी जिम्मेदारी से इतिश्री कर ली जाती है और स्थानीय लोग, धूल-प्रदूषण से परेशान हो रहे हैं, बीमारी के शिकार हो रहे हैं. इन समस्याओं और परेशानियों से कोलवाशरी प्रबंधन को कोई मतलब नहीं है. ऐसे में अब लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है. जिला प्रशासन के अफसरों द्वारा कार्रवाई नहीं करने से बलौदा क्षेत्र की कोलवाशरी की मनमानी चरम पर है. ऐसे में लोगों का गुस्सा जल्द फूट सकता है.

मामले में पर्यावरण विभाग के क्षेत्रीय अधिकारी का कहना है कि डबरी के पटने के मामले में कार्रवाई की गई है और कोलवाशरी प्रबन्धन को पेनाल्टी की गई है, लेकिन अन्य समस्याओं पर जिले के किसी भी जिम्मेदार विभाग के अफसर का ध्यान नहीं है. यही वजह है, बरसों से लोगों की मुसीबत बढ़ी हुई है, जो कम ही नहीं हो रही है. अब मीडिया ने जनहित के इस बड़े मुद्दे को उठाया है और प्रशासन के साथ सरकार के समक्ष लाया है. अब देखने वाली बात होगी, स्थानीय लोगों को किस तरह का न्याय मिलेगा और मनमानी ओर उतर आए कोलवाशरी प्रबन्धनों पर क्या कार्रवाई होती है ?

इसे भी पढ़े -  समावेशी शिक्षा से सशक्त होगा शिक्षण, ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल बनारी में दो दिवसीय शिक्षक प्रशिक्षण संपन्न

Related posts:

error: Content is protected !!