जांजगीर-चाम्पा. जांजगीर की सिटी कोतवाली पुलिस ने उधारी रुपये के विवाद में सिर पर पत्थर पटककर हत्या करने वाले फरार मुख्य आरोपी कौशल सूर्यवंशी को गिरफ्तार किया है और उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. रायपुर से मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी हुई है. पूर्व में एक अन्य आरोपी इतवारी सूर्यवंशी की भी गिरफ्तारी हो चुकी है. आरोपी की पहचान करने में पुलिस ट्रैकर डॉग ‘गब्बर’ की मुख्य भूमिका रही है. ‘गब्बर’, घटनास्थल से सीधे मुख्य आरोपी कौशल सूर्यवंशी के घर तक पहुंचा था.









दरअसल, खोखरा गांव में देवनारायण सूर्यवंशी, कौशल सूर्यवंशी और इतवारी सूर्यवंशी बैठकर शराब पी रहे थे. यहां उधारी की रकम को लेकर विवाद हो गया था और कौशल सूर्यवंशी और उसके दोस्त ने मिलकर देवनारायण सूर्यवंशी के सिर पर पत्थर पटक हत्या कर दी थी. पुलिस ने आरोपी इतवारी सूर्यवंशी को गिरफ्तार करके न्यायिक रिमांड में भेज दिया था. इधर, फरार मुख्य आरोपी की पतासाजी में सिटी कोतवाली पुलिस जुटी हुई थी. इस बीच सिटी कोतवाली पुलिस ने हत्या के मामले में फरार मुख्य आरोपी कौशल सूर्यवंशी को रायपुर से गिरफ्तार कर उसे न्यायिक रिमांड में भेज दिया है.



