



नई दिल्ली. बांग्लादेश ने सेंचुरियन के सुपरस्पोर्ट्स पार्क मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को उसी की धरती पर हराकर इतिहास रच दिया है. दक्षिण अफ्रीका को पहले मुकाबले में 38 रनों से हार मिली. बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए शाकिब हसन, लिटन दास और यासिर अली की अर्धशतकीय पारियों के दम पर निर्धारित 50 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 314 रन बनाए. इसके जवाब में दक्षिण अफ्रीका की टीम 276 रन पर ऑलआउट हो गई. बांग्लादेश की ओर से महेदी हसन ने 61 रन देकर चार विकेट झटके. 77 रनों की विस्फोटक पारी खेलने वाले शाकिब अल हसन को मैन ऑफ द मैच चुना गया.
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश की टीम को कप्तान तमिम इकबाल और विकेटकीपर बल्लेबाज लिटन दास ने शानदार शुरुआत दिलाई है. दोनों खिलाड़ियों ने पहले विकेट के लिए 95 रनों की साझेदारी निभाई. तमिम 41 रन बनाकर एंडिले फुलक्वायो की गेंद पर पगबाधा हो गए. इसके बाद तीसरे नंबर पर उतरे शाकिब अल हसन ने विस्फोटक पारी खेली. उन्होंने 64 गेंदों में सात चौके और तीन छक्के की मदद से 77 रन बनाए. उनके अलावा लिटन दास ने 50 और यासिर अली ने भी 50 रनों की पारी खेली. बांग्लादेश ने आखिरी 20 ओवर में 180 से ज्यादा रन जोड़े.





