जांजगीर-चाम्पा. बाराद्वार में आयोजित होने वाले 24 कुंडलीय गायत्री महायज्ञ का भूमि पूजन आज वैदिक रीति रिवाज से गायत्री परिवार के सदस्यों के द्वारा किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में नगर वासी एवं आसपास के गांव के नागरिकगण उपस्थित रहे। नगर में गायत्री महायज्ञ का आयोजन मारवाड़ी धर्मशाला में आगामी 23 से 26 मार्च तक किया जाएगा जिसकी तैयारी में नगर के धर्म प्रेमी के साथ गायत्री परिवार के सदस्य जुटे हैं।
गायत्री महायज्ञ के प्रारंभ में होने वाले भूमि पूजन से आज शुरुआत की गई। गायत्री महायज्ञ के प्रथम दिवस 23 मार्च को दोपहर 2 बजे मारवाड़ी धर्मशाला से भव्य कलश यात्रा पूरे नगर में निकाली जाएगी। दूसरे दिवस प्रातः देव पूजन एवं गायत्री महायज्ञ एवं सांय में संगीत प्रवचन होगा।तीसरे दिन प्रातः गायत्री महायज्ञ एवं विभिन्न संस्कार तथा सांय 4 बजे से विराट दीप महायज्ञ एवं चौथे दिन 26 मार्च को प्रातः गायत्री महायज्ञ एवं विभिन्न संस्कार के साथ पुर्णाहुती एवं विदाई का आयोजन किया जाएगा।
गायत्री परिवार एवं समस्त नगरवासियों की ओर से सभी से महायज्ञ में सम्मिलित होने का आग्रह किया है। गायत्री महायज्ञ की तैयारी में गायत्री परिवार के सदस्यों के साथ ही नगर के सुनील अग्रवाल, अंजनी जिंदल, अरविंद तिवारी, जयकिशन केडिया, सुनील जिंदल, अशोक सिंघानिया, आशीष अग्रवाल, आशीष जिंदल, नटवर अग्रवाल, भीम सिंघानिया, रमेश सांवड़िया जुटे हैं।