Bamhanidih News : तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से युवक की मौत, बम्हनीडीह चौक में चक्काजाम, जिला पंचायत उपाध्यक्ष की समझाइश पर चक्काजाम हुआ शांत

बम्हनीडीह. ब्लॉक मुख्यालय बम्हनीडीह अंतर्गत ग्राम पोड़ीशंकर चौक में चांपा – बिर्रा मार्ग पर दर्दनाक सड़क हादसे में बनडभरा निवासी तरुण बंजारे की मौत हो गई. युवक मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहा था, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार पिकअप की बाइक से जोरदार भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप सड़क से उतरकर खेत में जा घुसा और बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. दुर्घटना की सूचना मिलते ही बम्हनीडीह पुलिस के प्रधान आरक्षक सुनील सिंह एवं आरक्षक अमीर पैकरा तत्काल सहित बम्हनीडीह पुलिस मौके पर पहुंचे. पुलिस बल ने घायल को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बम्हनीडीह पहुंचाया था. अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया, जिसके बाद परिजन सहित ग्रामीणों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बम्हनीडीह से शव उठा कर बस स्टैंड बम्हनीडीह के चौक पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया और अपनी मांगों को लेकर सड़क को अवरुद्ध कर दिया.

 



4 घंटे के मशक्कत के बाद शांत हुआ जनआक्रोश

बस स्टैंड बम्हनीडीह में ग्रामीणों द्वारा चक्काजाम किया गया, जो 4 घण्टे बाद समाप्त हुआ. समझाइश देने पर भी ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े रहे. तत्पश्यात वहां जिला पंचायत उपाध्यक्ष गगन जयपुरिया पहुंचे, जिन्होंने ग्रामीण सहित वाहन मालिक से बात की और ग्रामीणों का पक्ष लेते हुए वाहन मालिक से मुआवजे के रूप में मृतक के पिता को तत्काल 1 लाख रुपए उपलब्ध करवाया एवं प्रशासन की ओर से 25 हजार रुपए अलग से दी गई, जिसके पश्चात चक्काजाम समाप्त हुआ. चक्काजाम के स्थिति को सम्हाले और आवागमन नियंत्रण हेतु SDM पवन कोसमा, SDOP यदुमनि सिदार, थाना प्रभारी कृष्णपाल सिंह, नायब तहसीलदार चंद्रकुमार साहू सहित पुलिस बल उपलब्ध रहा.

”घटना अत्यंत दुखद है और एक युवा की असमय मृत्यु पूरे क्षेत्र के लिए पीड़ादायक है. पीड़ित परिवार को मांग अनुसार तत्काल आर्थिक सहायता दिलाई गई है तथा आगे भी हर संभव सहयोग किया जाएगा. साथ ही प्रशासन को सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कहा गया हैं.”
गगन जयपुरिया
जिला पंचायत उपाध्यक्ष

error: Content is protected !!