



ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल, बनारी, जांजगीर में संस्था संचालक आलोक अग्रवाल, डॉ. गिरिराज गढ़ेवाल एवं प्राचार्य श्रीमती सोनाली सिंह के निर्देशन में कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के सम्मान में एक ’’भव्य, सुसंस्कृत एवं भावनात्मक विदाई समारोह का आयोजन विद्यालय परिसर में अत्यंत गरिमामय वातावरण में किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के कक्षा 11वीं के विद्यार्थियों द्वारा अपने सीनियर्स के लिए एक यादगार कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया, जिसमें सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, खेल गतिविधियाँ, सम्मान समारोह एवं प्रेरणादायी संबोधन शामिल रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के शैक्षणिक जीवन की उपलब्धियों को सम्मान देना, उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करना तथा विद्यालय से जुड़ी स्मृतियों को सहेजना था। विदाई समारोह का शुभारंभ पारंपरिक एवं सुसंस्कृत तरीके से किया गया। कार्यक्रम का प्रारंभ तिलक समारोह से हुआ, जिसमें कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों का स्वागत तिलक लगाकर एवं शुभकामनाओं के साथ किया गया। यह क्षण विद्यार्थियों के लिए अत्यंत भावुक और स्मरणीय रहा। इसके पश्चात ’’टाइटल एवं बैज वितरण’’ किया गया, जिसमें विद्यार्थियों को विभिन्न उपाधियों से सम्मानित किया गया। इस आयोजन ने छात्रों के व्यक्तित्व, प्रतिभा एवं योगदान को विशेष पहचान दी।
कार्यक्रम का प्रथम चरण कक्षा-ग्यारहवीं की छात्रा आराध्या शर्मा एवं प्रथमा पाण्डेय द्वारा अत्यंत आत्मविश्वास एवं मधुर वाणी में संचालित किया गया। उनके प्रभावशाली मंच संचालन ने पूरे कार्यक्रम को व्यवस्थित एवं आकर्षक बनाए रखा। विदाई समारोह में कक्षा 11वीं के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। हिमांशु राठौर (कक्षा 11वीं) द्वारा प्रस्तुत नृत्य ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी ऊर्जावान एवं भावपूर्ण प्रस्तुति को उपस्थित सभी लोगों ने भरपूर सराहना दी। इसके पश्चात सोनम पांडेय (कक्षा 11वीं) द्वारा प्रस्तुत भावनात्मक कविता ने पूरे वातावरण को भावुक बना दिया। उनकी कविता में सीनियर्स के प्रति सम्मान, प्रेम एवं विदाई की पीड़ा स्पष्ट झलक रही थी। कार्यक्रम के अगले चरण का मंच संचालन ’’सोनम पांडेय एवं श्रेया चौहान’’ द्वारा किया गया। उनके संतुलित, प्रभावशाली एवं आत्मीय संचालन ने कार्यक्रम को नई ऊर्जा प्रदान की। विदाई समारोह को और अधिक रोचक बनाने हेतु विद्यार्थियों के लिए विभिन्न खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया।
कक्षा-बारहवीं के छात्राओं के लिए ‘जोड़ी बनाने’ का खेल’’ आयोजित किया गया, जिसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह खेल आपसी समझ, तालमेल और हँसी-मजाक से भरपूर रहा। छात्रों के लिए ‘बैलून बर्स्ट’ गेम’’ का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने पूरे जोश और उमंग के साथ भाग लिया। इस गतिविधि ने कार्यक्रम में मनोरंजन और उत्साह का संचार किया। खेल गतिविधियों के पश्चात कार्यक्रम का संचालन ’’प्रियंका राठौर एवं डिंपल केवट’’ द्वारा किया गया। उनके सशक्त एवं प्रभावशाली मंच संचालन ने कार्यक्रम की गरिमा को बनाए रखा। इसके बाद कक्षा 12वीं के छात्र ’’मीर बरेठ’’ द्वारा विदाई भाषण प्रस्तुत किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने विद्यालय के अनुभवों, मित्रता की यादों एवं भविष्य की चुनौतियों पर प्रकाश डाला। उनका भाषण विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत रहा। कार्यक्रम के इस महत्वपूर्ण अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या एवं संचालकों द्वारा विद्यार्थियों को संबोधित किया गया। अपने वक्तव्य में उन्होंने कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं तथा उन्हें अनुशासन, परिश्रम एवं नैतिक मूल्यों के साथ आगे बढने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि विद्यालय सदैव अपने विद्यार्थियों की सफलता पर गर्व करेगा। साथ ही साथ संस्था के शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आशीर्वचन प्रस्तुत किया गया। विदाई समारोह के विशेष आकर्षण के रूप में ’’सैश वितरण’’ किया गया, जिसमें कक्षा 12वीं के सभी विद्यार्थियों को सम्मानपूर्वक सैश पहनाकर विदाई दी गई।
इसी कड़ी में मिस्टर एवं मिस फेयरवेल के लिए मीर बरेठ एवं सौम्या तिवारी, मिस्टर एण्ड मिस ऑलराउंडर के लिए त्रिषिका बजाज एवं अंश देवांगन, मिस्टर एण्ड मिस आईकोनिक के लिए सिमरन सिंह और प्रखर पाण्डेय चयनित हुए। इसके पश्चात ’’उपहार वितरण’’ किया गया, जिसमें कक्षा 11वीं के विद्यार्थियों एवं विद्यालय परिवार की ओर से कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों को स्मृति-चिह्न भेंट किए गए। साथ ही केक काटकर इस पल को यादगार बनाया गया। यह क्षण विद्यार्थियों के लिए अत्यंत भावुक एवं यादगार रहा। कार्यक्रम के समापन पर सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के लिए सामूहिक भोज (लंच) का आयोजन किया गया, जहाँ सभी ने मिलकर आपसी सौहार्द एवं आत्मीयता के साथ समय बिताया। पूरे कार्यक्रम का सफल एवं सुव्यवस्थित प्रबंधन प्रथमा पाण्डेय एवं आराध्या शर्मा द्वारा किया गया। उनकी मेहनत, समर्पण और टीमवर्क के कारण कार्यक्रम अत्यंत सफल रहा। विदाई समारोह का समापन कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के लिए भावनात्मक क्षणों के साथ हुआ। विद्यार्थियों ने विद्यालय, शिक्षकों एवं जूनियर्स के प्रति आभार व्यक्त किया और भविष्य में विद्यालय का नाम रोशन करने का संकल्प लिया।






