अकलतरा. जांजगीर के पुलिस ग्राउंड में आयोजित परिक्षेत्र स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में श्री ऋषभ विद्योदय महाविद्यालय बनाहिल के खिलाड़ियों ने अपनी गति और जज्बे से सबका दिल जीत लिया. इस प्रतियोगिता का आयोजन शासकीय टी.सी.एल. स्नातकोत्तर महाविद्यालय जांजगीर द्वारा किया गया था, जिसमें परिक्षेत्र के कई महाविद्यालयों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, लेकिन मैदान पर तो सिर्फ बनाहिल के धावक छाए रहे. प्रतियोगिता का सबसे बड़ा सितारा बने डीसीए के छात्र प्रीतम कुमार रहे. प्रीतम ने 1500 मीटर दौड़ में सभी प्रतिद्वंद्वियों को पीछे छोड़ते हुए प्रथम स्थान हासिल किया और फिर 5000 मीटर की लंबी दौड़ में भी अपनी बादशाहत कायम रखते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया. उनकी दोहरी जीत पर पूरा ग्राउंड तालियों से गूंज उठा.









वहीं बी.ए. तृतीय सेमेस्टर के छात्र जय कुमार ने 400 मीटर दौड़ में शानदार प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त किया. बी.ए. प्रथम सेमेस्टर की छात्रा नीता ने भी 200 मीटर दौड़ में अपनी तेज रफ्तार से द्वितीय स्थान हासिल कर महाविद्यालय का नाम रोशन किया. बी.एससी. बायो पांचवे सेमेस्टर की छात्रा रानू कैवर्त्य ने भी कमाल कर दिखाया. उन्होंने 800 मीटर और 3000 मीटर दोनों दौड़ों में तृतीय स्थान प्राप्त कर अपनी सहनशक्ति और हौसले का परिचय दिया. प्रतियोगिता के सफल आयोजन और विजेता खिलाड़ियों के बेहतर प्रदर्शन पर शासकीय टी.सी.एल. स्नातकोत्तर महाविद्यालय जांजगीर के प्राचार्य एवं पर्यवेक्षक डॉ. विश्वास विश्वकर्मा ने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी. उन्होंने कहा कि यह जीत मेहनत, अनुशासन और लगन का परिणाम है और ऐसे आयोजन से ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है.
इस अवसर पर श्री ऋषभ विद्योदय महाविद्यालय बनाहिल के संचालक डॉ. जयकुमार जैन एवं प्राचार्य डॉ. शिखा सिंह एवं समस्त स्टाफ ने भी सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उम्मीद जताई कि आने वाले समय में ये खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर भी महाविद्यालय का नाम रोशन करेंगे.



