पामगढ़. छत्तीसगढ़ उच्च शिक्षा विभाग के तत्वावधान में टी.सी.एल. शासकीय पी.जी. महाविद्यालय, जांजगीर द्वारा 25 नवंबर 2026 को पुलिस ग्राउंड, जांजगीर में सेक्टर स्तरीय महिला एवं पुरुष एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में चैतन्य विज्ञान एवं कला महाविद्यालय (स्वशासी), पामगढ़ के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल 8 पदक अर्जित कर महाविद्यालय को गौरवान्वित किया।









पुरुष वर्ग में खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
पुरुष वर्ग में महाविद्यालय के खिलाड़ी दीपक बर्मन ने गोला फेंक एवं भाला फेंक प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए। व्यास नारायण पटेल ने 100 मीटर दौड़ एवं लंबी कूद में द्वितीय स्थान प्राप्त कर दो रजत पदक हासिल किए, वहीं मनीष कहरा ने गोला फेंक में द्वितीय स्थान प्राप्त कर रजत पदक तथा रुद्राक्ष ने 400 मीटर दौड़ में तृतीय स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक जीता। इसके अतिरिक्त समीर बंजारे एवं कन्हैया कश्यप ने भी प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
महिला वर्ग में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन
महिला वर्ग में ज्योति साहू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लंबी कूद में प्रथम एवं ऊंची कूद में द्वितीय स्थान प्राप्त कर एक स्वर्ण एवं एक रजत पदक हासिल किया, वहीं पूजा पटेल ने प्रतियोगिता में सहभागिता करते हुए खेल भावना एवं उत्साह का परिचय दिया।
इस प्रकार महाविद्यालय के खिलाड़ियों ने कुल 8 पदक—3 स्वर्ण, 4 रजत एवं 1 कांस्य प्राप्त कर अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का परिचय दिया।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर महाविद्यालय के संचालक वीरेंद्र तिवारी एवं प्रबंधन सदस्य डॉ. गरिमा तिवारी ने हर्ष व्यक्त करते हुए सभी पदक विजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं टीम भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खिलाड़ियों की यह उपलब्धि उनकी मेहनत, लगन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विनोद कुमार गुप्ता ने भी खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि महाविद्यालय विद्यार्थियों की खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित करने तथा उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।
आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों का चयन उनके प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा। महाविद्यालय परिवार ने आशा व्यक्त की कि चयनित खिलाड़ी राज्य स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर महाविद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।



