




न्यूजीलैंड के घरेलू क्रिकेटर ब्रेट रैंडेल ने इतिहास रच दिया है। वो फर्स्ट क्लास क्रिकेट में लगातार 5 गेंदों पर 5 विकेट लेने वाले पहले प्लेयर बन गए हैं। यह कारनामा उन्होंने सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट्स की तरफ से खेलते हुए नेपियर में प्लंकेट शील्ड मैच के दूसरे दिन नॉर्दर्न डिस्ट्रिक्ट्स के खिलाफ किया। ब्रेट रैंडेल ने 25 रन देकर 7 विकेट लिए और अपने शानदार स्पेल का अंत किया।
Brett Randell ने लगातार 5 गेंदों पर चटकाए 5 विकेट
दरअसल, क्रिकेट सांख्यिकीविदों और इतिहासकारों (ACS) के रिकॉर्ड के अनुसार, 1772 में क्रिकेट के रिकॉर्ड शुरू होने के बाद से आज तक किसी भी खिलाड़ी ने फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में लगातार पांच गेंदों पर पांच विकेट नहीं लिए थे।
कैसे रचा इतिहास?
रैंडेल का यह जादुई स्पेल नॉर्दर्न डिस्ट्रिक्ट्स की पारी की शुरुआत में ही देखने को मिला। उन्होंने अपने दूसरे ओवर की आखिरी गेंद पर हेनरी कूपर को बोल्ड कर इस सिलसिले की शुरुआत की।
जब वह अपना अगला ओवर करने आए, तो उन्होंने पहली ही गेंद पर न्यूजीलैंड के पूर्व टेस्ट ओपनर जीत रावल को आउट किया। इसके बाद अगली तीन गेंदों पर लगातार तीन और विकेट झटक कर अपना पंजा पूरा किया। उन्होंने फिर अंतरराष्ट्रीय ऑलराउंडर क्रिस्टियन क्लार्क को बोल्ड कर यह वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम किया।
करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन
30 साल के रैंडेल यहीं नहीं रुके। उन्होंने अपने अगले ओवर में दो और विकेट लिए। उन्होंने कुल 25 रन देकर 7 विकेट झटके, जो उनके 9 साल के फर्स्ट-क्लास करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। उनके इस घातक स्पेल की बदौलत नॉर्दर्न डिस्ट्रिक्ट्स की पूरी टीम पहली पारी में सिर्फ 82 रनों पर ढेर हो गई।
रिकॉर्ड बुक में दर्ज हुआ नाम
हालांकि, पिछले साल आयरलैंड के कर्टिस कैंपर ने एक प्रोफेशनल टी20 मैच में 5 गेंदों पर 5 विकेट लिए थे, लेकिन फर्स्ट-क्लास क्रिकेट के लंबे इतिहास में ब्रेट रैंडेल ऐसा करने वाले पहले गेंदबाज बन गए हैं।





