




स्कोडा की ओर से भारतीय बाजार में हाल ही में नई कुशाक को लॉन्च किया गया है। निर्माता की ओर से इस एसयूवी को मिड साइज सेगमेंट में ऑफर किया गया है। इस एसयूवी का मुकाबला हुंडई की क्रेटा के साथ होगा। इंजन, फीचर्स के मामले में दोनों में से किस एसयूवी (Skoda Kushaq Vs Hyundai Creta) को खरीदना आपके लिए बेहतर साबित हो सकता है। हम आपको इस खबर में बता रहे हैं।

Skoda Kushaq Vs Hyundai Creta इंजन
स्कोडा की ओर से एसयूवी में पेट्रोल इंजन के दो विकल्प दिए गए हैं। जिसमें एक लीटर की क्षमता का टर्बो पेट्रोल इंजन दिया गया है जिससे 85 किलोवाट की पावर और 178 न्यूटन मीटर टॉर्क मिलता है। इसके 1.5 लीटर की क्षमता के पेट्रोल इंजन से 110 किलोवाट की पावर और 250 न्यूटन मीटर का टॉर्क मिलता है। इसके साथ ही मैनुअल और ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन के विकल्प दिए गए हैं।
वहीं Hyundai Creta में भी तीन इंजन के विकल्प दिए गए हैं। जिसमें पहले विकल्प के तौर पर एसयूवी में 1.5 लीटर पेट्रोल नेचुरल एस्पिरेटिड इंजन से 115 पीएस पावर और 143.8 न्यूटन मीटर टॉर्क मिलता है। दूसरे विकल्प के तौर पर एसयूवी में 1.5 लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन मिलता है जिससे इसे 160 पीएस की पावर और 253 न्यूटन मीटर टॉर्क मिलता है। तीसरे विकल्प के तौर पर क्रेटा में 1.5 लीटर की क्षमता का डीजल इंजन मिलता है जिससे इसे 116 पीएस की पावर और 250 न्यूटन मीटर का टॉर्क मिलता है। इसके साथ ही एसयूवी में छह स्पीड मैनुअल, आईवीटी, ऑटोमैटिक और सात स्पीड डीसीटी ट्रांसमिशन के विकल्प मिलते हैं।
Skoda Kushaq Vs Hyundai Creta फीचर्स
स्कोडा कुशाक में कई बेहतरीन फीचर्स को ऑफर किया गया है। इसमें एलईडी हेडलाइट, कनेक्टिड एलईडी टेल लाइट, सीक्वेंशल इंडीकेटर, पैनोरमिक सनरूफ, फ्रंट पार्किंग सेंसर, एबीएस, ईबीडी, टीसीएस, चारों पहियों में डिस्क ब्रेक, एमएसआर जैसे फीचर्स दिए गए हैं। इस एसयूवी के सभी वेरिएंट्स में स्टैंडर्ड अलॉय व्हील, सनरूफ, ऑटो डिमिंग आईआरवीएम जैसे फीचर दिए गए हैं।
वहीं हुंडई क्रेटा में निर्माता की ओर से 17 इंच अलॉय व्हील्स, एलईडी हेडलाइट्स, एलईडी डीआरएल, सीक्वेंशल टर्न इंडीकेटर, शॉर्क फिन एंटीना, ड्यूल टोन एक्सटीरियर और इंटीरियर, लेदर सीट्स, रियर विंडो सनशेड, पैनोरमिक सनरूफ, ड्यूल जोन ऑटो एसी, फ्रंट वेंटिलेटिड सीट्स, इलेक्ट्रिक पार्किंग ब्रेक, वायरलेस फोन चार्जर, ईको, नॉर्मल और स्पोर्ट्स मोड्स, स्नो, मड और सैंड ट्रैक्शन मोड्स, क्रूज कंट्रोल, की-लैस एंट्री, फ्रंट कंसोल आर्मरेस्ट के साथ स्टोरेज, रिमोट इंजन स्टार्ट के साथ स्मार्ट की, इलेक्ट्रिक टेलगेट रिलीज, रियर एसी वेंट्स, रियर वाइपर और वॉशर, टिल्ट और टेलीस्कोपिक स्टेयरिंग व्हील, आईएसजी, कूल्ड ग्लोव बॉक्स, 10.25 इंच इंफोटेनमेंट सिस्टम, बोस के आठ स्पीकर ऑडियो सिस्टम, एंड्राइड ऑटो, एपल कार प्ले, 10.25 इंच डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, ब्लूलिंक तकनीक, ओटीए अपडेट्स, होम टू कार के साथ एलेक्सा जैसे फीचर्स दिए हैं।
Skoda Kushaq Vs Hyundai Creta कीमत
स्कोडा की ओर से कुशाक को 10.69 लाख रुपये की एक्स शोरूम कीमत पर लॉन्च किया गया है। इसके टॉप वेरिएंट की एक्स शोरूम कीमत 18.99 लाख रुपये है।
वहीं क्रेटा की एक्स शोरूम कीमत 10.73 लाख रुपये है। इसके टॉप वेरिएंट की एक्स शोरूम कीमत 20.20 लाख रुपये है।





